हिंदुस्तान यूनिलीवर का 5.7 फीसदी बढ़ा मुनाफा
रोजमर्रा के उपभोग के सामान बनाने वाली कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 5.7 फीसदी बढ़कर 1,897 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एचयूएल ने नियामकीय सूचना में बताया कि एक साल पहली इसी तिमाही में उसने 1,795 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था। कंपनी ने कहा है कि अप्रैल से जून 2020 की अवधि में उसकी कुल बिक्री 3.65 फीसदी बढ़कर 10,570 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले इसी अवधि में कुल बिक्री 10,197 करोड़ रुपये रही थी।
एचयूएल ने कहा, 'कोविड- 19 से उभरे चुनौतीपूर्ण हालात, जहां बाजार और परिचालन दोनों स्तरों पर परिस्थितियां प्रतिकूल रहीं, एचयूएल ने कारोबार और मुनाफे में वृद्धि हासिल की है।' इस दौरान कंपनी का कुल खर्च 5.42 फीसदी बढ़कर 8,324 करोड़ रुपये रहा जो कि एक साल पहले की इसी अवधि में 7,896 करोड़ रुपये रहा।
एचयूएल के सीएमडी संजीव मेहता ने कहा, 'तिमाही के दौरान हमारा प्रदर्शन लोचदार और हमारे पोर्टफोलियो की आंतरिक मजबूती को दर्शाने वाला रहा। कार्य करने में श्रेष्ठता और उद्देश्यपरक नेतृत्व के साथ ही कंपनी के मजबूत बहीखातों को भी यह परिलक्षित करता है। देश के कई हिस्सों में प्रतिबंधों के जारी रहने और निकट भविष्य की मांग को लेकर अनिश्चितता बने रहने के बावजूद हम प्रतिस्पर्धी, मुनाफे वाला और जवाबदेह वृद्धि हासिल करने की स्थिति में बने रहेंगे। भारत में एफएमसीजी क्षेत्र के दीर्घकालिक संरचनात्मक अवसर बरकरार हैं।'
एक्सिस बैंक का शुद्ध लाभ 19 फीसदी गिरा
निजी क्षेत्र के एक्सिस बैंक का एकल शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 19 फीसदी गिरकर 1,112 करोड़ रुपये रहा। इससे पिछले वित्त वर्ष 2019-20 की अप्रैल-जून तिमाही में बैंक को 1,370 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। शेयर बाजार को दी जानकारी में बैंक ने कहा कि समीक्षावधि में उसकी कुल आय 19,125.57 करोड़ रुपये रही। यह पिछले साल की इसी अवधि में हुई आय के लगभग बराबर हैं।
इस दौरान बैंक का फंसे कर्ज के लिए प्रावधान बढ़कर 4,416.42 करोड़ रुपये हो गया। इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में बैंक का फंसे कर्ज के लिए प्रावधान 3,814.58 करोड़ रुपये था। हालांकि इस दौरान की परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार हुआ है। समीक्षावधि में बैंक की सकल गैर-निष्पादित आस्तियां (एनपीए) उसके सकल ऋण का 4.72 फीसदी रही। वहीं बैंक का शुद्ध एनपीए 1.23 फीसदी रहा। जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह क्रमश: 5.25 फीसदी और 2.04 फीसदी था।
एकीकृत आधार पर बैंक शुद्ध लाभ अप्रैल-जून तिमाही में 12 फीसदी घटकर 1,108.10 करोड़ रुपये रहा। इससे पिछले वित्त वर्ष 2019-20 की इसी अवधि में यह 1,262.98 करोड़ रुपये था। इस दौरान बैंक की कुल आय 19,461.77 करोड़ रुपये रही जो पिछले साल अप्रैल-जून में 19,409.09 करोड़ रुपये थी। बैंक के प्रबंध निदेशक अमिताभ चौधरी ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी की वजह से पैदा हुए हालातों से आर्थिक और सामाजिक बाधाएं बढ़ी हैं। हालांकि इसके चलते बैंकिंग उद्योग में प्रौद्योगिकी और नवोन्मेष को नयी जगह मिली है।
बजाज फिन्सर्व का 44 फीसदी बढ़ा मुनाफा
बजाज समूह की कंपनी बजाज फिन्सर्व का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 44 फीसदी की जोरदार वृद्धि के साथ 1,215 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी की बीमा अनुषंगी से अच्छी कमाई होने से कंपनी के लाभ में यह वृद्धि दर्ज की गई। बजाज समूह की वित्तीय सेवाओं की इस इकाई ने एक साल पहले की इसी तिमाही में 845 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हासिल किया था।
कंपनी ने कहा है कि आलोच्य तिमाही के दौरान उसकी कुल आय 16 फीसदी बढ़कर 14,192 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 12,272 करोड़ रुपये रही थी। बजाज फिन्सर्व के एकीकृत कारोबार में उसकी तीन अनुषंगी कंपनियों के परिणाम शामिल हैं।
इनमें बजाज फाइनेंस लिमिटेड (बीएफएल), बजाज एलायंज जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (बीएजीआईसी) और बजाज एलायंज लाइफ इश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (बीएएलआईसी) शामिल हैं। बजाज फिन्सर्व ने कहा कि 2020- 21 की पहली तिमाही के दौरान उसकी तीनों इकाई के कारोबार पर प्रभाव पड़ा है। ज्यादातर बड़े शहरों में कोरोना वायरस महामारी के कारण लगाये गये लॉकडाउन के कारण पूरी तिमाही में आर्थिक गतिविधियां कमजोर रहीं।