देश की दिग्गज आईटी कंपनी इंफोसिस ने वित्त वर्ष 2019-20 के पहली तिमाही नतीजों को घोषित कर दिया। आईटी कंपनी वित्त वर्ष 2019-20 की पहली तिमाही के दौरान 5.2 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 3,802 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया। वहीं कंपनी ने 13.9 फीसदी की बढ़त के साथ 21,803 करोड़ रुपये की आय हुई। दूसरी तरफ इंडसइंड बैंक का पिछले तीन माह में एनपीए बढ़ गया है।
यह रहा इंफोसिस का हाल
वित्त वर्ष 2020 की पहली तिमाही में इंफोसिस का मुनाफा, 31 मार्च को समाप्त हुई तिमाही के आधार पर 6.8 फीसदी घटकर 3,802 करोड़ रुपये रहा है। वहीं अगर इसकी तुलना पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही से करें तो फिर इसमें पांच फीसदी का लाभ हुआ है। कंपनी की डॉलर से होने वाली आय में 2.3 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई और यह 313.1 करोड़ डॉलर रहा है। तिमाही आधार पर पहली तिमाही में इंफोसिस का एबिट 4,618 करोड़ रुपये से घटकर 4,471 करोड़ रुपये और एबिट मार्जिन 21.4 फीसदी से घटकर 20.5 फीसदी रहा है।
2019-20 के लिये स्थिर मुद्रा के आधार पर अपनी आय वृद्धि का अनुमान बढ़ाकर 8.5 -10 फीसदी कर दिया है। अप्रैल तिमाही में कंपनी ने चालू वित्त वर्ष में आय में 7.5-9.5 फीसदी वृद्धि का अनुमान जताया था।
पहली तिमाही में कंपनी के डिजिटल कारोबार की आय 1.12 अरब डॉलर रही है जो कंपनी की कुल आय का 35.7 फीसदी है। कंपनी ने पहली तिमाही में 2.7 अरब डॉलर के बड़े डील किए हैं। कंपनी का वित्तीय परिणाम बाजार बंद होने के बाद जारी किया गया। इंफोसिस का शेयर बढ़त के साथ 727.10 रुपये पर बंद हुआ।
कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और प्रबंध निदेशक सलिल पारेख ने कहा कि हमने 2019-20 में अच्छी शुरूआत की है। इसका कारण ग्राहकों पर हमारा निरंतर ध्यान है और हम उन पर निवेश करते हैं। उन्होंने कहा कि इस आधार पर हमने हमने 2019-20 के लिये आय अनुमान 7.5-9.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 8.5-10 प्रतिशत कर दिया है।
अमेरिकी डालर के संदर्भ में इन्फोसिस का शुद्ध लाभ जून, 2019 को समाप्त तिमाही में 54.6 करोड़ डालर रहा जो एक साल पहले इसी तिमाही में 53.4 करोड़ डालर था। वहीं आय आलोच्य तिमाही में बढ़कर 3.13 अरब डालर रही जो एक साल पहले 2018-19 की पहली तिमाही में 2.83 अरब डालर थी।
इंडसइंड के मुनाफे में 38.3 फीसदी की बढ़ोतरी
निजी क्षेत्र के प्रमुख बैंकों में शुमार इंडसइंड बैंक का मुनाफा 38.3 फीसदी बढ़कर 1,432.5 करोड़ रुपये रहा है जबकि वित्त वर्ष 2019 की पहली तिमाही में कंपनी का मुनाफा 1,036 करोड़ रुपये रहा है। वहीं बैंक के एनपीए में भी बढ़ोतरी देखी गई। पहली तिमाही में इंडसइंड बैंक का ग्रॉस एनपीए 2.1 फीसदी से बढ़कर 2.15 फीसदी और नेट एनपीए 1.2 फीसदी से बढ़कर 1.23 फीसदी रहा है। बैंक का ग्रॉस एनपीए 3,947 करोड़ रुपये से बढ़कर 4,199 करोड़ रुपये रहा है।