फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जेट के पायलटों ने पीएम मोदी से लगाई गुहार, कहा- 20,000 नौकरियां बचाने में करें मदद

Mon, 15 Apr 2019 01:58 PM IST
‌डिंपल अलवधी बिजनेस डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
- फोटो : ANI
विज्ञापन

घाटे से जूझ रही विमानन कंपनी जेट एयरवेज के पायलटों ने कंपनी को बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है। जेट के पायलटों ने प्रधानमंत्री से 20,000 नौकरियां बचाने में मदद करने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही जेट के पायलटों ने विमानन कंपनी को बचाने के लिए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से भी मदद मांगी है। उन्होंने एसबीआई से 1,500 करोड़ रुपये का फंड जारी करने की अपील की है।

विज्ञापन


बता दें कि जेट एयरवेज के 1100 पायलटों ने वेतन न मिलने के कारण सोमवार से विमान न उड़ाने का जो फैसला लिया था, उसे फिलहाल टाल दिया गया है। इससे पहले यूनियन नेशनल एविएटर्स गिल्ड (एनएजी) ने रविवार सुबह पायलटों को जनवरी से वेतन का भुगतान न होने के कारण विमान न उड़ाने की ठानी थी। गिल्ड का दावा है कि वह 1600 पायलटों में से करीब 1100 पायलट का प्रतिनिधित्व कर रही है।
 

 

स्वतंत्र निदेशक ने छोड़ा पद 

उधर, जेट एयरवेज की स्वतंत्र निदेशक राजश्री पाथी ने इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने बयान जारी कर बताया कि उन्होंने अन्य जिम्मेदारियों और वक्त की कमी के कारण पद छोड़ा है। गौरतलब है कि अभी प्रबंधन एसबीआई के नेतृत्व में कर्जदाताओं का कंसोर्टियम संभाल रहा है।

आधी सैलेरी में स्पाइसजेट दे रही नौकरी

इंडस्ट्री सूत्रों के मुताबिक बजट एयरलाइन के लिए मशहूर स्पाइसजेस जेट पायलटों को 25-30 फीसदी कम और इंजीनियरों को 50 फीसदी तक कम वेतन में नौकरी का प्रस्ताव दे रही है। एक वरिष्ठ एयरक्राफ्ट मेंटीनेंस इंजीनियर को स्पाइसजेट ने 1.5-2 लाख रुपये प्रतिमाह सैलेरी ऑफर की, जिसे जेट चार लाख रुपये प्रतिमाह दे रहा था। माना जाता है कि जेट की औसत तनख्वाह दूसरी एयरलाइन के मुकाबले ज्यादा रहती है। उधर, स्पाइसजेट का कहना है कि वह अपने सैलरी ढांचे के हिसाब से ऑफर दे रही है।

- फोटो : डेमो

जेट एयरवेज ने उठाया ये बड़ा कदम

इतना ही नहीं, नकदी संकट से जूझ रही जेट एयरवेज ने बड़ी जानकारी दी है। विमानन कंपनी जेट एयरवेज ने कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए बुकिंग बंद कर दी है। बता दें कि हाल ही में कंपनी ने अपनी सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को 15 अप्रैल तक रद्द किया था।
 

एविएशन रेगुलेटर को दी जानकारी

जेट एयरवेज ने एविएशन रेगुलेटर को बताया है कि कंपनी ने एशियन (ASEAN) और सार्क (SAARC) जाने वाली सभी उड़ानों पर बुकिंग बंद कर दी है। फिलहाल इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि इन उड़ानों पर बुकिंग कब से शुरू होगी।
विज्ञापन

परिचालन से बाहर हुए 90 फीसदी विमान

जेट एयरवेज का संकट गहराता जा रहा है। एयरलाइन ने बृहस्पतिवार को बताया था कि पट्टा यानी लीज किराये का भुगतान नहीं करने से 10 और विमानों का परिचालन बंद हो गया है। इसके साथ परिचालन से बाहर होने वाले विमानों की संख्या 79 पहुंच गयी है। शुक्रवार को जेट एयरवेज के केवल 16 विमान परिचालन में रह गए थे।   

सुरेश प्रभु ने दिया था निर्देश

इस बीच नागर विमानन मंत्री सुरेश प्रभु ने बड़ा निर्देश दिया था। प्रभु ने अपने मंत्रालय सचिव को जेट एयरवेज के परिचालन से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करने का निर्देश दिया था और कहा था कि यात्रियों को कम-से-कम दिक्कत हो, इसके लिए सभी संभव कदम उठाए जाएं। उनकी सुरक्षा में कोई कमी नहीं आए। प्रभु ने बताया कि जांच में इस बात का भी आकलन किया जाएगा कि क्या संकटग्रस्त जेट एयरवेज फिर से सुचारू रूप से उड़ान भर पाएगी या नहीं। 

           
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें