देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने मंगलवार को अपने तिमाही नतीजों को जारी कर दिया है। चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कंपनी के मुनाफे में पांच फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। वहीं आर्थिक सुस्ती के बीच कंपनी की बिक्री में भी तीन फीसदी की वृद्धि देखने को मिली है।
कंपनी ने कुल 4,37,361 गाड़ियां बेची, जो पिछली तिमाही के मुकाबले दो फीसदी ज्यादा है। घरेलू बाजार में 4,12,698 गाड़ियां बेचीं जो दो फीसदी ज्यादा है। वहीं कंपनी ने 23663 गाड़ियों का निर्यात किया, जो कि पिछली तिमाही से 2.7 फीसदी ज्यादा है। कंपनी का मार्जिन 10.10 फीसदी रहा, जो पिछले साल 9.8 फीसदी रहा था।
तिमाही नतीजे जारी करने के बाद कंपनी के शेयर का भाव 7040.05 रुपये प्रति शेयर पर आ गया। हालांकि बाद में इसमें तेजी देखने को मिली और दोपहर के वक्त यह 0.22 फीसदी बढ़कर 7122.60 रुपये प्रति शेयर पर कारोबार कर रहा था।