देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने गुरुवार को अपने तिमाही नतीजों को जारी कर दिया। कंपनी को जुलाई-सितंबर की तिमाही में मंदी का साफ असर देखने को मिला। कंपनी का मुनाफा 39.4 फीसदी घटकर के 1358.6 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल कंपनी का मुनाफा 2240.4 करोड़ रुपये रहा था।
कंपनी की आय 24.3 फीसदी घटकर 16,985.3 करोड़ रुपये रही है जो पिछले साल की इसी तिमाही में 22,433.2 करोड़ रुपये रही थी। कंपनी का एबिटडा 3,431 करोड़ रुपये से घटकर 1,606.3 करोड़ रुपये और एबिटडा मार्जिन 15.3 फीसदी से घटकर 9.5 फीसदी रहा है। कंपनी की अन्य आय 526.6 करोड़ रुपये से बढ़कर 920 करोड़ रुपये रही है।
कंपनी ने ऑल्टो, नई वैगन आर, सेलेरियो, इग्निस, स्विफ्ट, बलेनो और डिजायर जैसी छोटी गाड़ियों का उत्पादन भी घटा दिया है। इनके उत्पादन में 14.91 फीसदी की कटौती की गई। वहीं विटारा ब्रिजा, एर्टिगा और एस-क्रॉस के उत्पादन में 17.05 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। सियाज का उत्पादन भी 4739 यूनिट से घटकर 2350 यूनिट रह गई।
कंपनी ने अपने हल्के कमर्शियल वाहन सुपर कैरी का उत्पादन 2560 यूनिट से घटाकर के 2560 कर दिया था। इससे पहले अगस्त माह में कंपनी ने अपने उत्पादन में 33.99 फीसदी की कटौती की थी।
मारुति के अलावा टाटा मोटर्स ने अपने उत्पादन में 63 फीसदी की कटौती की थी। इसके अलावा ह्यूंदै, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टोयोटा और होंडा की बिक्री में भी कमी देखने को मिली थी।