लार्सन एंड ट्यूब्रो (L&T) की सॉफ्टवेयर इकाई एलटीआई इस वित्त वर्ष में कॉलेज से निकले करीब 3,800 नए लोगों की नियुक्त करने की योजना बना रही है। कंपनी को कारोबार में तेज वृद्धि का अनुमान है जिससे उसकी मानव संसाधन की मांग बढ़ने का अनुमान है।
इसलिए होंगी नई नियुक्तियां
इस संदर्भ में कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय जालोना ने कहा कि कंपनी के कर्मचारियों पर इस समय काम का बोझ ज्यादा पड़ रहा है। इस दबाव को कम करने के लिए नई नियुक्तियां करने की जरूतर है।
3,800 नए लोगों की होगी नियुक्ति
उन्होंने कहा कि, 'हम इस वित्त वर्ष में 3,700 से 3,800 नए लोगों को नियुक्त करेंगे। हमने पिछले वित्त वर्ष में तीन हजार नए लोगों को नियुक्त किया था।'
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कंपनी इनके अलावा समय-समय पर परियोजना और कार्य के आधार पर सीधी भर्तियां भी करेगी।
उल्लेखनीय है कि आईटी कंपनियों के संगठन नासकॉम के अनुसार, वित्त वर्ष 2018-19 में आईटी उद्योग में रोजगार के 1.70 लाख नए अवसर सृजित हुए।