टाटा मोटर्स को तीसरी तिमाही में 26,960.8 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध घाटा हुआ है। गुरुवार को कंपनी की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक कंपनी का कुल कारोबार बढ़कर 77,582.71 करोड़ रुपये हुआ है। पिछले साल कंपनी को इसी तिमाही में 1214.60 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
टाटा मोटर्स ने बंबई शेयर बाजार को जानकारी देते हुए कहा कि जगुआर लैंड रोवर की वजह से कंपनी को इस तिमाही में बड़ा घाटा हुआ है। इसके अलावा चीन में बिक्री कम होने से भी उसकी कमाई पर बड़ा असर पड़ा है।
स्टैंडअलोन बेसिस पर देखें तो कंपनी ने अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के दौरान 617.62 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज किया, जबकि एक साल पहले समान अवधि में यह आंकड़ा 211.59 करोड़ रुपये रहा था। टाटा मोटर्स की स्टैंडअलोन इनकम बढ़कर 16,477.07 करोड़ रुपये हो गई, जबकि एक साल पहले समान अवधि में यह आंकड़ा 16,186.15 करोड़ रुपये रहा था। हालांकि जेएलआर का रेवेन्यू 1 फीसदी घटकर 6.2 अरब डॉलर रह गया।