दिग्गज एफएमसीजी कंपनी आईटीसी ने 70 साल पुरानी मसाला कंपनी सनराइज फूड्स प्राइवेट लिमिटेड (SFPL) को खरीद लिया है। आईटीसी ने 2,150 करोड़ रुपये में सनराइज फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के सारे शेयर्स खरीदे हैं। वित्त वर्ष 2019-20 में सनराइज फूड्स का टर्नओवर 591.50 करोड़ रुपये का रहा था।
यह डील कैश-फ्री, डेट-फ्री आधार पर हुई। इस संदर्भ में आईटीसी ने कहा कि कंपनी ने 27 जुलाई, 2020 को सनराइज की इक्विटी शेयर पूंजी का 100 फीसदी हिस्सा खरीदा है। इस डील के बाद अब सनराइज और उसकी दो सब्सिडियरी- सनराइज शीतग्रह प्राइवेट लिमिटेड और हॉबिट्स इंटरनेशनल फूड्स प्राइवेट लिमिटेड भी आईटीसी की स्वामित्व वाली सब्सिडियरी कंपनी बन गई हैं।
मालूम हो कि 24 मई को आईटीसी ने घोषणा की थी कि वह एसएफपीएल का अधिग्रहण करेगी। सनराइज पूर्वी भारत में मसालों की सबसे बड़ी कंपनी है। आगे आईटीसी ने कहा कि कंपनी की आशीर्वाद रेंज के मसालों की तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में अच्छी मौजूदगी है। साथ ही यह हाई क्वालिटी मसालों की सबसे बड़ी उत्पादक और निर्यातक कंपनियों से एक है।
मौजूदा समय में कोलकाता, आगरा, जयपुर और बीकानेर में सनराइज की फैक्ट्रियां हैं। कंपनी के अधिग्रहण से आईटीसी देश के बड़े हिस्से में अपनी मौजूदगी और बढ़ा पाएगी।
आईटीसी के शेयर में बढ़त
आज आईटीसी के शेयर में बढ़त देखने को मिल रही है। दोपहर 1.13 बजे यह 10 अंकों (0.74 फीसदी) की बढ़त के बाद 1355.55 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 1345.55 के स्तर पर बंद हुआ और आज शुरुआती कारोबार में यह 1345 के स्तर पर खुला था।