आईफोन बनाने वाली कंपनी एपल ने बुधवार को अपने तीसरी तिमाही के नतीजों की घोषणा की है। मैक की बिक्री भारत में बढ़ने के कारण कंपनी ने अपने मुनाफे में बढ़ोतरी दर्ज की है। हालांकि आईफोन की बिक्री में कमी देखने को मिली है। पूरे विश्व में आईफोन की बिक्री नौ फीसदी गिर गई। अगर वैश्विक तौर पर बात करें तो कंपनी का मुनाफा पिछले साल की तुलना में तीन फीसदी घट गया है।
तीसरी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 92270 करोड़ रुपये (13.7 अरब डॉलर) रहा। आईफोन की बिक्री पिछले साल की सितंबर तिमाही के मुकाबले 33.4 अरब डॉलर (2.37 लाख करोड़ रुपये) रही। हालांकि, कुल आय बढ़कर 64 अरब डॉलर (4.54 लाख करोड़ रुपये) रही।
कंपनी के जिन उत्पादों की बिक्री बढ़ गई, उनमें सर्विसेज की 18 फीसदी, वियरेबल्स डिवाइसेस की 54 फीसदी, आईपैड की 17 फीसदी शामिल है। वहीं वैश्विक आधार पर आईफोन की बिक्री में नौ फीसदी और मैक की बिक्री में पांच फीसदी की गिरावट देखने को मिली। मैक की बिक्री से कंपनी को सात अरब डॉलर की आय हुई है।
कंपनी के सारे उत्पादों की बिक्री भारत में काफी बढ़ गई है। आईफोन 11 के अलावा कंपनी आईपैड और मैक उत्पादों की बिक्री से मुनाफा बढ़ गया है। अमेरिका और जापान के बाद मैक उत्पाद सबसे ज्यादा भारत में बिके हैं। एपल ने भारत में आईफोन एक्सआर का उत्पादन भी शुरू कर दिया है। भारत मेें इनका निर्माण चेन्नई में हो रहा है। पिछले साल की तुलना में आईफोन 19 फीसदी ज्यादा बिका है। टिम कुक ने कहा कि उनको भारत में बिक्री बढ़ने की काफी संभावनाएं दिख रही हैं।