शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला ने एक सरकारी बैंक में 1.59 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है। झुनझुनवाला ने केनरा बैंक के 2.88 करोड़ शेयर खरीदे हैं। इससे पहले वित्त वर्ष 2021-22 की पहली तिमाही में झुनझुनवाला ने स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) और इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस में भी हिस्सेदारी खरीदी थी। झुनझुनवाला ने सेल के 5.75 करोड़ शेयर (1.4 फीसदी हिस्सेदारी) खरीदे हैं। वहीं इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस में उन्होंने एक करोड़ शेयर (2.2 फीसदी हिस्सेदारी) खरीदे हैं।
केनरा बैंक के शेयर में गिरावट
केनरा बैंक ने पिछले एक साल में 43 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया है। आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर बैंक का शेयर 4.65 अंक (2.99 फीसदी) नीचे 151.05 पर बंद हुआ।
झुनझुनवाला ने टाइटन में घटाई हिस्सेदारी
मालूम हो कि दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला और उनकी पत्नी रेखा झुनझुनवाला ने जून तिमाही में टाटा समूह की टाइटन कंपनी में अपनी हिस्सेदारी कम कर ली है। लगातार तीसरी तिमाही में झुनझुनवाला दंपती ने टाइटन में अपनी हिस्सेदारी कम की है। टाइटन में अब झुनझुनवाला दंपती की हिस्सेदारी 4.81 फीसदी रह गई है। यह 2003 की जून तिमाही के बाद से सबसे कम है। AceEquity के डाटा के अनुसार, टाइटन में राकेश झुनझुनवाला की हिस्सेदारी 3.97 फीसदी से घटकर 3.72 फीसदी हो गई है। वहीं कंपनी में उनकी पत्नी की हिस्सेदारी 1.09 फीसदी है।
एडलवाइज फाइनेंशियल सर्विसेज में बढ़ाई हिस्सेदारी
झुनझुनवाला ने एडलवाइज फाइनेंशियल सर्विसेज में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। एडलावाइज फाइनेंशियल सर्विसेज ने बताया कि बिग बुल के पास उसके 1,51,25,000 शेयर हैं। 30 जून को इस कंपनी में उनकी 1.61 फीसदी हिस्सेदारी थी। इस कंपनी में उनकी हिस्सेदारी का मूल्य 125 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
बेचे टाटा मोटर्स के 50 लाख शेयर
झुनझुनवाला ने टाटा मोटर्स के 50 लाख शेयर बेच दिए हैं। ताजा शेयरहोल्डिंग डाटा के अनुसार अब झुनझुनवाला की टाटा मोटर्स में हिस्सेदारी 1.14 फीसदी रह गई है। बता दें कि इस दौरान रिटेल निवेशकों ने भी टाटा मोटर्स में अपनी हिस्सेदारी कम की है। अब उनके 11.94 फीसदी शेयर हैं, जो मार्च के अंत में 12.92 फीसदी हुआ करते थे।