टेलीकॉम समेत कई तरह के कारोबार करने वाले भारती समूह की कंपनी भारती एंटरप्राइजेज ने अपने टॉप मैनेजमेंट में कई बड़े बदलाव किए हैं।
इसके तहत एयरटेल इंडिया के संयुक्त प्रबंध निदेशक व मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोपाल विट्टल को तरक्की देकर भारत और दक्षिण एशिया में एयरटेल के संचालन का प्रमुख बना दिया गया है। इसके अलावा भारती एयरटेल के एमडी-सीईओ (इंटरनेशनल) मनोज कोहली को भारती एंटरप्राइजेज का एमडी बनाया गया है। शीर्ष प्रबंधन में किए गए यह बदलाव 1 अप्रैल से प्रभावी होंगे।
कंपनी की ओर से इस संबंध में जारी वक्तव्य के मुताबिक कोहली भारती एयरटेल इंटरनेशनल (नीदरलैंड्स) बीवी, के चयरमैन होंगे। यह अफ्रीका में एयरटेल के संचालन को देखती है। इसके साथ ही वह भारती समूह के विभिन्न बोर्डों में भी शामिल रहेंगे।
बदलावों के तहत अखिल गुप्ता को भारती इन्फ्राटेल का चेयरमैन और भारती एंटरप्राइजेज का वाइस चेयरमैन बनाया गया है। इसके अलावा भारती इन्फ्राटेल के सीईओ डीएस रावत को कंपनी का एमडी व सीईओ बनाया गया है।
क्रिश्चियन डी फेरिडा को भारती इंटरनेशनल (नीदरलैंड्स) बीवी का एमडी व सीईओ (अफ्रीका) बनाया गया है।
भारती एंटरप्राइजेज के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल और तीन वाइस चेयरमैन राकेश भारती मित्तल, रंजन भारती मित्तल, अखिल गुप्ता, मनोज कोहली और समूह की चार कंपनियों के एमडी की सदस्यता वाला एक गवर्नेंस बोर्ड बनाया जाएगा। यह बोर्ड समूह के गवर्नेंस संबंधी मामलों को शीर्ष स्तर पर देखेगा।