भारतीय ऑटो सेक्टर पिछले काफी समय से गिरावट की मार झेल रहा है। साल 2019 ऑटो सेक्टर के लिए किसी बुरे सपने की तरह रहा। ऐसे में उम्मीद की जा रही थी कि नए साल में ऑटो सेक्टर में सुधार देखा जाएगा, लेकिन अब कोरोनावायरस इस सेक्टर पर कहर बन कर गिरा है। दरअसल कोरोनावायरस महामारी के खतरे को देखते हुए सभी कंपनियों ने अपने कारखानों में हो रहे काम को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। ऐसे में इस सेक्टर को अब भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते किए गए इस लॉकडाउन से केवल इस महीने यानी की मार्च 2020 में लगभग 7.5 लाख यूनिट का प्रोडक्शन लॉस होने की संभावना है। वहीं, इस बंदी से 2 अरब डॉलर का रेवेन्यू लॉस होने का डर है।
बंदी के इस दौर में अगर मीडिया रिपोर्ट्स की बात करें तो माहौल भले ही चुनौतीभरा है, लेकिन कंपनियां किसी भी कर्मचारी की छटनी नहीं करेंगी। इनमें पर्मानेंट और टेंपररी दोनों ही कर्मचारी शामिल हैं। दरअसल सरकार की तरफ से इन कंपनियों को छंटनी या वेतन में कटौती नहीं करने के लिए कहा गया है।
देर से होगा राहत का असर
कंपनियों के अधिकारियों का कहना है कि अगर हालात सामान्य भी हो जाते हैं तो इंडस्ट्री को रिकवर करने में काफी समय लग जाएगा। दरअसल एक्सपर्ट्स का मानना है कि ग्राहकों को सामान्य होने में समय लगेगा जिसके बाद बिक्री में बढ़ोतरी देखी जा सकती है। हालांकि, यह समय कितना लंबा होगा यह कोई नहीं बता सकता।
कब तक रहेगी बंदी?
दरअसल चीन, कोरिया और दूसरे बाजारों को देखा जाए, तो अगर हालात सामान्य भी होते हैं, तो कारोबार को पटरी पर लौटने में कम से कम एक महीने का समय लग जाएगा।
जब कंपनी की कमाई होगी बंद
एक्सपर्ट्स का कहना है कि एक समय ऐसा भी आएगा जब कारोबार कम से कम एक महीने तक बंद रह सकता है। यह वो दौर होगा जब कंपनियों को रेवेन्यू नहीं मिलेगा। यानी सीधी भाषा में कहें तो कंपनियों की कमाई नहीं होगी।
इन कंपनियों के प्रोडक्शन हुए बंद
टाटा मोटर्स (Tata Motors) की तरफ से बंदी को लेकर की गई पहल के बाद इसमें महिंद्रा (Mahindra & Mahindra), मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki), हुंडई मोटर इंडिया (Hyundai Motirs) और टोयोटा किर्लोस्कर (Toyota) भी शामिल हो गई। इसके बाद किया मोटर्स (Kia Motors), रेनॉ निसान अलायंस (Renault Nissan Alliance), यामाहा मोटर (Yamaha Motor) और टीवीएस मोटर (TVS Motor) ने अपने प्रोडक्शन को कुछ दिनों के लिए बंद कर दिया।