बंधन बैंक 12 मई 2020 को वित्त वर्ष 2019-20 की चौथी तिमाही के नतीजों की घोषणा करेगा। कोरोना वायरस महामारी के कारण ग्रामीण इलाकों में बैंक के प्रदर्शन पर असर दिख सकता है।
तीसरी तिमाही में हुआ था दोगुना मुनाफा
इससे पिछली तिमाही (तीसरी तिमाही) में बैंक का मुनाफा 120 फीसदी तक बढ़ कर 731 करोड़ रुपये हो गया था। साल दर साल आधार पर बैंक को पिछले वित्त वर्ष में इसी तिमाही में 331 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।
बैंक की शुद्ध ब्याज आय 37 फीसदी बढ़कर के 540.3 करोड़ रुपये रही। वही ग्रॉस एनपीए 1.76 फीसदी से बढ़कर 1.93 फीसदी रहा था। वित्त वर्ष 2018-2019 की तीसरी तिमाही में बैंक की ब्याज आय 1,124 करोड़ रुपये रही थी।
32 फीसदी बढ़ी बंधन बैंक की जमा राशि
पिछले माह बंधन बैंक ने कहा था कि मार्च 2020 में समाप्त वित्त वर्ष के दौरान उसकी कुल जमा राशि 32 फीसदी बढ़कर 57,073 करोड़ रुपये हो गई थी। बैंक के पास मार्च 2019 के अंत तक कुल 43,232 करोड़ रुपये जमा थे।
बंधन बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि उसकी कुल जमा राशि में खुदरा जमाओं की 78.4 फीसदी हिस्सेदारी थी, जो बीते वर्ष के मुकाबले 34 फीसदी बढ़कर 31 मार्च 2020 तक 44,760 करोड़ रुपये हो गई।
अक्तूबर 2019 में हुआ था गृह फाइनेंस में विलय
बंधन बैंक के साथ अक्तूबर 2019 में गृह फाइनेंस का विलय हुआ था, जिसके बाद बैंक में उसके प्रवर्तकों की हिस्सेदारी 82.26 फीसदी से घटकर 60.96 फीसदी हो गई। ऐसे में मार्च 2019 के आंकड़े पूर्ववर्ती बैंक के हैं, जबकि मार्च 2020 के आंकड़े विलय के बाद बनी इकाई के हैं।
बैंक ने बताया कि वर्ष 2019-20 के दौरान ऋण एवं अग्रिम 60 फीसदी बढ़कर 71,825 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने कहा कि वित्त वर्ष 2020 के अंत में उसकी कुल जमा राशि में माइक्रो बैंकिंग जमाओं की हिस्सेदारी 5.7 फीसदी थी।