आईफोन बनाने वाली कंपनी एप्पल का मुनाफा इस वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 32 फीसदी बढ़ गया है। हालांकि कंपनी स्मार्टफोन की बिक्री के मामले में तीसरे पायदान पर खिसक गई है। वहीं कंपनी अगले महीने आईफोन X से भी महंगा फोन लांच करने की तैयारी में है।
फोन की कीमतों में हुई बढ़ोतरी
कंपनी का मुनाफा इसलिए बढ़ गया क्योंकि आईफोन के सभी पिछले मॉडल्स की कीमतों में 20 फीसदी की वृद्धि हो गई है। अप्रैल-जून की तिमाही में कंपनी के आईफोन की बिक्री 1 फीसदी बढ़ गई है, लेकिन आय में भी 17 फीसदी का इजाफा हो गया है।
यह 606 डॉलर (41,800 रुपये) से बढ़कर 724 डॉलर (50,000 रुपये) हो गई है। सीईओ टिम कुक के अनुसार दाम ज्यादा होने के बावजूद आईफोन-X सबसे लोकप्रिय फोन रहा। इसकी कीमत 999 डॉलर से शुरू होती है।
मंगलवार को जारी किए नतीजे
एप्पल ने मंगलवार को अपने तिमाही नतीजों को जारी करते हुए कहा कि वो सितंबर में आईफोन X से भी महंगा फोन लांच करेगी। नतीजे जारी करने के बाद कंपनी के शेयरों में 5 फीसदी की ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिली।
एक ट्रिलियन डॉलर के पार होगी मार्केट कैप
कंपनी का मार्केट कैप 984 अरब डॉलर के पार चला गया था। अब ट्रिलियन डॉलर (1,000 अरब) कंपनी बनने से अब यह सिर्फ 16 अरब डॉलर पीछे है। दूसरे नंबर पर अमेजन है, जिसका मार्केट कैप 869 अरब डॉलर है।
एप स्टोर, म्यूजिक और अन्य सेवाओं से आय 31 फीसदी बढ़कर 65,000 करोड़ रुपये हो गई है। एप्पल वॉच, होमपॉड स्पीकर और दूसरे हार्डवेयर की बिक्री 37 फीसदी बढ़कर 25,000 करोड़ रुपये हो गई।