संकट में फंसी अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस कैपिटल समूह ने ऋण देने वाली अपनी दो इकाइयों को दिसंबर तक बंद करने का फैसला किया है। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी। रिलायंस कैपिटल बीमा और म्युचुअल फंड आदि का भी कारोबार करती है। रिलायंस कैपिटल की इन दो इकाइयों रिलायंस कॉमर्शियल फाइनेंस और रिलायंस होम फाइनेंस की कुल संपत्ति 25,000 करोड़ रुपये से अधिक है। इस खबर के बाद कंपनी का शेयर अपने 20 साल के इतिहास में सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया।
अनिल अंबानी की दिवालिया कंपनी रिलायंस कम्यूनिकेशंस के शेयरधारकों की सालाना आम बैठक की अध्यक्षता पहली बार दिवाला शोधन पेशेवर ने की है। यह संभवत: पहला ऐसा मामला होगा जब किसी बड़ी कंपनी की सालाना आम बैठक की अध्यक्षता दिवालाशोधन पेशेवर के पास थी।
इस बार यह बैठक शहर के केसी कॉलेज में हुई। इससे पहले धीरूभाई अंबानी के समय में सालाना आम बैठक क्रिकेट स्टेडियमों में हुआ करती थी। विभाजन के बाद अनिल अंबानी और मुकेश अंबानी दोनों की कंपनियों की सालाना आम बैठकें दक्षिणी मुंबई के विशाल बिरला मातोश्री ऑडिटोरियम में होती थी।