सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग को 4 खरब रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। फेसबुक यूजर्स का डाटा लीक होने के मामले में कंपनी का शेयर करीब 7 फीसदी टूट गया, जिससे जुकरबर्ग की कमाई पर भी काफी असर देखने को मिला।
कुछ मिनटों में गवां दिए अरबों डॉलर
यूरोप और अमेरिका के सांसदों ने यूजर्स का डाटा लीक करने के मामले में मार्क जुकरबर्ग को पेश होने के लिए कहा है। शेयर की कीमत घटने की वजह से फेसबुक सीईओ मार्क जुकरबर्ग को एक दिन में 6.06 अरब डॉलर (करीब 395 अरब रुपये) का झटका लग गया।
डाटा लीक के बाद लगा बड़ा आरोप
डाटा लीक के बाद फेसबुक पर एंड्रायड मोबाइल उपयोगकर्ताओं के फोन नंबर, टेक्स्ट मैसेज का डाटा जुटाने का आरोप लगा है। वेबसाइट एआरएस टेकनिका ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि कुछ यूजर ने फेसबुक की ओर से एकत्रित डाटा की जांच की तो पाया कि वहां उनके वर्षों पुराने मोबाइल नंबर, टेलीफोन नंबर, कॉल की लंबाई और टेक्स्ट मैसेज मौजूद हैं।
इस पर फेसबुक ने सोमवार को जवाब दिया कि सर्वर को सुरक्षित बनाने यह सूचना अपलोड की गई है। यह उन्हीं एंड्रायड यूजर की सूचना है, जिन्होंने इसकी अनुमति दी थी। कंपनी की प्रवक्ता ने कहा, यह डाटा न बिका और न किसी यूजर के दोस्तों व बाहरी एप के साथ साझा किया गया। इस डाटा का इस्तेमाल फेसबुक पर लोगों का अनुभव बेहतर बनाने और दूसरों से जुड़ने में मदद करने के लिए किया गया है।
फेसबुक का यह भी दावा है कि उन्होंने कॉल और मैसेज की सामग्री नहीं जुटाई है। फेसबुक इन सूचनाओं का उपयोग मैसेंजर के कांटैक्ट की रैंकिंग में करता है ताकि वह यूजर को कॉल करने के लिए सलाह दे सके।