महिंद्रा एंड महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने कहा कि वाहनों पर जीएसटी कम होने से अर्थव्यवस्था को फायदा मिल सकता है। महिंद्रा ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए कहा कि छोटी कंपनियों और रोजगार पर ऑटो इंडस्ट्री का व्यापक प्रभाव है। उन्होंने कहा- हम सभी उस मंदार पर्वत को तलाश कर रहे हैं जो अर्थव्यवस्था का मंथन शुरू कर सके। यह देश की तीसरी बड़ी रोजगार देने वाली इंडस्ट्री है।
लगातार हो रही है बिक्री में गिरावट
मौजूदा समय में ऑटो सेक्टर की स्थिति काफी खराब है। वाहनों की बिक्री में दिन प्रति दिन कटौती हो रही है। इस सेक्टर की स्थिति इतनी खराब है कि सरकार की मदद के बिना ऑटो इंडस्ट्री में सुधार आना मुश्किल है। इस सेक्टर में जो मंदी छाई है, उससे कंपनियों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कंपनियों ने अपने प्लांट बंद कर कर्मचारियों को छुट्टी पर भी भेज दिया है और उनके उत्पादन में भी कमी आई है।
वाहनों पर जीएसटी घटने की उम्मीद
ऑटो सेक्टर को उम्मीद है कि सरकार उद्योग को बढ़ावा देने के लिए वाहनों पर लगने वाले जीएसटी को घटाकर 18 फीसदी करेगी। मौजूदा समय में वाहनों पर 28 फीसजी जीएसटी लगता है। अगर वाहनों पर जीएसटी की कटौती हो जाती है तो इससे इनकी मांग बढ़ेगी, जो पिछले 11 महीनों से बहुत कम है।