अमेरिकी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ( Amazon ) किशोर बियानी की फ्यूचर कूपंस ( Future Coupons ) में 49 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी। इस संदर्भ में गुरुवार को फ्यूचर ग्रुप ने जानकारी दी। हालांकि डील की वैल्यू अभी नहीं बताई गई है। हालांकि पूरी डील की वैल्यू अभी नहीं बताई गई है।
फ्यूचर कूपंस के जरिए खरीदेगी 3.58 फीसदी शेयर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फ्यूचर कूपंस के जरिए अमेजन 1,500 करोड़ रुपये में फ्यूचर रिटेल के 3.58 फीसदी शेयर खरीदेगी। बता दें कि फ्यूचर कूपंस, फ्यूचर रिटेल की प्रमोटर ग्रुप कंपनी है। बिग बाजार का संचालन फ्यूचर रिटेल के तहत ही किया जाता है। देशभर में इसके 1,600 स्टोर हैं।
प्रत्यक्ष तौर पर फ्यूचर कूपंस के पास फ्यूचर रिटेल के शेयर नहीं हैं। मार्च में दो हजार करोड़ रुपये में फ्यूचर कूपंस ने फ्यूचर रिटेल के 3.96 करोड़ वारंट सब्सक्राइब किए थे। ये 18 महीने में कभी भी 7.3 फीसदी शेयरों में बदले जा सकते हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो 500 करोड़ रुपये अप्रैल में जारी किए जा चुके हैं। बाकी 1,500 करोड़ रुपये का भुगतान अमेजन करेगी। 1,500 करोड़ रुपये के बदले अमेजन को फ्यूचर रिटेल के 3.58 फीसदी शेयर मिलेंगे।
दरअसल अमेजन पिछले कई महीने से फ्यूचर रिटेल में हिस्सेदारी खरीदने के लिए बात कर रही थी। फरवरी में एफडीआई के नियमों में बदलाव होने की वजह से फ्यूचर कूपंस के जरिए निवेश का रास्ता अपनाना पड़ा।