पूरे देश में बिग बाजार के इस वक्त 930 से अधिक स्टोर हैं। इसके अलावा किराना स्टोर की तर्ज पर ईजीडे के नाम से छोटी से छोटी जगह पर स्टोर भी खोले गए हैं। बिग बाजार के जरिए फ्यूचर ग्रुप 17075 करोड़ रुपये की वार्षिक सेल्स करता है। इस हिसाब से देश के एक तिहाई संगठित ग्रोसरी और फूड रिटेल मार्केट पर बिग बाजार का कब्जा है। इसके अलावा कंपनी की अन्य सहायक कंपनियां भी हैं जो लॉजिस्टिक, कंज्यूमर प्रोडक्ट और रिटेल इंफ्रास्ट्रक्चर में कार्य कर रही हैं।
अमेजॉन करेगी 5 बिलियन डॉलर का निवेश
अमेजॉन ने भारत में 5 बिलियन डॉलर का निवेश करने का प्लान तैयार किया है। अभी वो ग्रोसरी बेचने के लिए अपने दो प्लेटफॉर्म अमेजॉन पेंट्री और अमेजॉन नाउ को प्रयोग कर रही है। भारत में कंपनी जल्द ही अपने रिटेल स्टोर खोलने जा रही है, जिसके जरिए लोग सीधे ग्रोसरी और अन्य उत्पाद खरीद सकेंगे।
अलीबाबा ने किया है पेटीएम में निवेश
चीन की कंपनी अलीबाबा ने मोबाइल वॉलेट कंपनी पेटीएम और इसकी ई-कॉमर्स वेबसाइट पेटीएम मॉल में 500 मिलियन डॉलर का निवेश कर रखा है। इसके अलावा कंपनी ने ऑनलाइन ग्रोसरी कंपनी बिगबॉस्केट में 300 मिलियन डॉलर का निवेश कर रखा है। अगर अलीबाबा बिग बाजार को खरीदता है तो इसका असर सबसे ज्यादा अमेजॉन के भारत में ग्रोसरी स्टोर खोलने के प्लान पर पड़ेगा।