सरकार द्वारा एयर इंडिया को निजी कंपनी को बेचने की तैयारी से कर्मचारियों का नौकरी जाने का डर सताने लगा है। इसी डर से परेशान कंपनी के 11 कर्मचारी संगठन सोशल मीडिया पर इसका विरोध जताने लगे हैं। इन संगठनों से 10 हजार से अधिक कर्मचारी जुड़े हुए हैं।
चला रहे हैं सेव एयर इंडिया कैंपेन
कर्मचारी संगठनों ने व्हॉट्सऐप, ट्विटर, यू ट्यूब, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर सेव एयर इंडिया के नाम से कैंपेन चला रखा है। इसके अलावा कर्मचारी संगठन व्हॉट्सऐप पर मैसेज के जरिए विनिवेश का विरोध करने के लिए अपील भी कर रहे हैं।
सरकार बेचने जा रही है 76 फीसदी हिस्सेदारी
केंद्र सरकार घाटे से गुजर रही एयर इंडिया की 76 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की तैयारी कर रही है। हालांकि सरकार की मुहिम फिलहाल रंग लेकर के नहीं आ रही है, क्योंकि इंडिगो, स्पाइसजेट, जेट एयरवेज और टाटा खरीदने की दौड़ से बाहर हो गए हैं। वहीं अब विदेशी एयरलाइंस कंपनियां इसको खरीदने की इच्छा जता रही हैं।
पहली बार सोशल मीडिया पर चलाया कैंपेन
कर्मचारी संगठन ऑफिस में लंच ऑवर मीटिंग और विरोध के लिए बैज पहनने के अलावा पहली बार सोशल मीडिया का उपयोग कर रहे हैं, ताकि कर्मचारियों को लगातार बढ़ता रहे। वहीं इन सभी से विरोध के तौर पर ब्लॉग लिखने को भी कहा जा रहा है।
सहायक कंपनियों का भी विरोध
वहीं सहायक कंपनियां जैसे कि एयर इंडिया एक्सप्रेस और AISATS के कर्मचारी भी इस मुहिम से जुड़ गए हैं। इन कंपनियों के कर्मचारियों को भी अपनी नौकरी जाने का खतरा है।