रिलायंस समूह ने मध्यप्रदेश में 46 हजार करोड़ रूपए का निवेश करने की बात कही है। बृहस्पतिवार को समूह के प्रमुख अनिल अंबानी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ एक बैठक के बाद कहा कि रिलायंस समूह रक्षा और सौर ऊर्जा समेत चार सेक्टर्स में निवेश करने की योजना बना रहा है।
इससे करीब 70 हजार लोगों को रोजगार हासिल होगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में उनकी दिलचस्पी है। वह चाहते हैं कि मध्यप्रदेश तरक्की करे।इनमें इंदौर के समीप पीथमपुर में इंटीग्रेटेड लेण्ड सिस्टम डिफेंस मेन्यूफेक्चरिंग हब तथा भोपाल में रोटरी विंग हेलीकाप्टर मेन्यूफेक्चरिंग इकाई स्थापित होगी।
कंपनी रक्षा उत्पादन क्षेत्र के अलावा सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रानिक्स निर्माण और ऊर्जा क्षेत्र में भी निवेश करेगी। इससे 70 हजार लोगों को परोक्ष-अपरोक्ष तौर पर रोजगार मिलेगा। इसके लिए सरकार ने पीथमपुर में 700 एकड़ और भोपाल में 70 एकड़ जमीन चिन्हित की है।