अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी
- फोटो : Adani Group
अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) ने 205 मेगावॉट की सौर परिसंपत्तियां अपने संयुक्त उद्यम कारोबार को 1,632 करोड़ रुपये में स्थानांतरित की हैं। कंपनी का यह संयुक्त उद्यम फ्रांस की ऊर्जा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी टोटल एसए के साथ है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा कि उसने इससे पहले भारत में 2,148 मेगावॉट की सौर परिसंत्तियों के लिए टोटल के साथ 50:50 का संयुक्त उद्यम बनाया था।
कंपनी ने पूरा किया एक और अधिग्रहण
कंपनी ने कहा, 'संयुक्त उद्यम को 1,632 करोड़ रुपये में 205 मेगावॉट की परिचालन वाली सौर परिसंपत्तियों के स्थानांतरण के साथ संयुक्त उद्यम ने करार के तहत एक और अधिग्रहण पूरा कर लिया है।' अब संयुक्त उद्यम के पास कुल परिचालन वाला अक्षय ऊर्जा पोर्टफोलियो 2,353 मेगावॉट है।
गौतम अडाणी ने जताई खुशी
कंपनी ने कहा कि यह सौदा एजीईएल तथा टोटल की संयुक्त उद्यम को आगे बढ़ाने तथा अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में भागीदारी को और गहरा करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस संदर्भ में अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी ने कहा कि, 'हम टोटल के साथ अपनी भागीदारी के विस्तार से काफी खुश हैं। हम उनके साथ अपने संयुक्त उद्यम मंच को आगे बढ़ाने को प्रतिबद्ध हैं। यह हमारी 2025 तक 25 गीगावॉट की अक्षय ऊर्जा क्षमता हासिल करने की महत्वाकांक्षा के अनुरूप है।'
मालूम हो कि आज अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड का शेयर 730.70 के स्तर पर खुला था और -- अंक यानी -- फीसदी की गिरावट के बाद यह -- के स्तर पर बंद हुआ। जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 725.45 के स्तर पर बंद हुआ था। मौजूदा समय में कंपनी का बाजार पूंजीकरण 1.11 लाख करोड़ रुपये है।
अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) ने 29 अगस्त 2019 को एस्सेल ग्रीन एनर्जी और एस्सेल इंफ्राप्रोजेक्ट्स से 205 मेगावॉट की 10 सौर ऊर्जा परिसंपत्तियों का 1,300 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करने की घोषणा की थी।