आधी सैलेरी में स्पाइसजेट दे रही नौकरी
इंडस्ट्री सूत्रों के मुताबिक बजट एयरलाइन के लिए मशहूर स्पाइसजेस जेट पायलटों को 25-30 फीसदी कम और इंजीनियरों को 50 फीसदी तक कम वेतन में नौकरी का प्रस्ताव दे रही है। एक वरिष्ठ एयरक्राफ्ट मेंटीनेंस इंजीनियर को स्पाइसजेट ने 1.5-2 लाख रुपये प्रतिमाह सैलेरी ऑफर की, जिसे जेट चार लाख रुपये प्रतिमाह दे रहा था। माना जाता है कि जेट की औसत तनख्वाह दूसरी एयरलाइन के मुकाबले ज्यादा रहती है। उधर, स्पाइसजेट का कहना है कि वह अपने सैलरी ढांचे के हिसाब से ऑफर दे रही है।
जेट एयरवेज ने उठाया ये बड़ा कदम
इतना ही नहीं, नकदी संकट से जूझ रही जेट एयरवेज ने बड़ी जानकारी दी है। विमानन कंपनी जेट एयरवेज ने कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए बुकिंग बंद कर दी है। बता दें कि हाल ही में कंपनी ने अपनी सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को 15 अप्रैल तक रद्द किया था।
एविएशन रेगुलेटर को दी जानकारी
जेट एयरवेज ने एविएशन रेगुलेटर को बताया है कि कंपनी ने एशियन (ASEAN) और सार्क (SAARC) जाने वाली सभी उड़ानों पर बुकिंग बंद कर दी है। फिलहाल इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि इन उड़ानों पर बुकिंग कब से शुरू होगी।
जेट एयरवेज (फाइल फोटो)
- फोटो : Facebook
परिचालन से बाहर हुए 90 फीसदी विमान
जेट एयरवेज का संकट गहराता जा रहा है। एयरलाइन ने बृहस्पतिवार को बताया था कि पट्टा यानी लीज किराये का भुगतान नहीं करने से 10 और विमानों का परिचालन बंद हो गया है। इसके साथ परिचालन से बाहर होने वाले विमानों की संख्या 79 पहुंच गयी है। शुक्रवार को जेट एयरवेज के केवल 16 विमान परिचालन में रह गए थे।
सुरेश प्रभु ने दिया था निर्देश
इस बीच नागर विमानन मंत्री सुरेश प्रभु ने बड़ा निर्देश दिया था। प्रभु ने अपने मंत्रालय सचिव को जेट एयरवेज के परिचालन से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करने का निर्देश दिया था और कहा था कि यात्रियों को कम-से-कम दिक्कत हो, इसके लिए सभी संभव कदम उठाए जाएं। उनकी सुरक्षा में कोई कमी नहीं आए। प्रभु ने बताया कि जांच में इस बात का भी आकलन किया जाएगा कि क्या संकटग्रस्त जेट एयरवेज फिर से सुचारू रूप से उड़ान भर पाएगी या नहीं।