जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में सात फरवरी से चल रहे एम्बियन्ते फेयर में मुरादाबाद के निर्यातकों ने मैसे फ्रैंकफर्ट को अर्जी देकर फेयर के हाल नंबर नौ से चीनी निर्यातकों को हटाने का अनुरोध किया। लेकिन मैसे फ्रैंकफर्ट ने निर्यातकों की अर्जी कर दी। चीनी निर्यातक पहले से आवंटित खुद के स्टॉल्स पर ही कारोबार करेंगे।
कोरोना वायरस की वजह से इस बार एम्बियन्ते फेयर में चीनी निर्यातकों के स्टॉल्स पिछले वर्षों की तुलना में कुछ कम हैं। कई चीनी निर्यातक ऐसे हैं जिन्होंने स्टॉल आवंटित तो कराए लेकिन कोरोना की वजह से फ्लाइट कैंसिल होने से फेयर में नहीं पहुंच सके। कुछ के सैंपल फेयर ग्राउंड तक नहीं पहुंचे तो कुछ फैक्टरी बंद होने की वजह से अपने सैंपल तैयार नहीं करा सके।
इसके बावजूद चीन के कुछ बायर्स फेयर में अपने स्टॉल्स लगा रहे हैं। इनकी ज्यादा संख्या एम्बियन्ते के हॉल नंबर नौ में है। इसी हाल में मुरादाबाद के कुछ निर्यातक भी हैं। निर्यातकों का कहना है कि जिस हाल में चीनी हैं उसमें जाने से बायर्स परहेज कर रहे हैं। ऐसे में हाल नंबर नौ से भी बायर्स ने पहले दिन दूरी बनाए रखी।
इससे परेशान मुरादाबाद के कुछ निर्यातकों ने एम्बियन्ते के आयोजनकर्ता मैसे फ्रैंकफर्ट को अर्जी देकर कहा कि चीनी निर्यातकों को उनके हॉल से हटाया जाए। उनके हाल में रहने से उनका बिजनेस प्रभावित हो रहा है। लेकिन मैसे फ्रैंकर्फर्ट ने ऐसा करने से इंकार कर दिया है।