कॉरपोरेट मंत्रालय ने कंपनियों को पुनर्भुगतान रिजर्व खाते को पूरा करने के लिए 30 सितंबर तक समय दिया है। कोरोना संकट की वजह से कंपनियों ने इसमें राहत के लिए अपील की थी। इसके तहत कंपनियों को जमा राशि का 15 फीसदी सिक्योर्ड डिबेंचर्स के रूप में 30 अप्रैल तक जमा करना होता है, जो पहले बढ़ाकर 30 जून किया गया था।
अब इसे 30 सितंबर कर दिया गया है। इसी तरह, कंपनियों को डिपॉजिट की 20 फीसदी राशि 30 अप्रैल तक संबंधित बैंक में जमा करनी होती है, जो अगले साल तक परिपक्व होती है। यह अवधि भी अब 30 सितंबर हो गई है।
चीन के सोलर सेल, मॉड्यूल पर लगेगा 20 फीसदी आयात शुल्क
भारत सरकार सोलर प्लांट में इस्तेमाल होने वाले चीन से आयातित सेल और मॉड्यूल पर जल्द 20 फीसदी आयात शुल्क लगा सकती है। अभी तक इस पर कोई शुल्क नहीं लगता है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सरकार ने 30 जुलाई, 2018 को चीन और मलयेशिया से आने वाले सोलर सेल व मॉड्यूल पर सेफगार्ड ड्यूटी लागू किया था, जिसमें शून्य आयात शुल्क है।
29 जुलाई को समाप्त होने वाली इस अवधि को केंद्र बढ़ाने के मूड में नहीं है और वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण पहले ही इस पर 20 फीसदी आयात शुल्क लगाने की बात कह चुकी हैं। सोलर प्रोजेक्ट का 60 फीसदी खर्च सिर्फ मॉड्यूल पर होता है। भारत ने 2018-19 में 2.16 अरब डॉलर के सोलर सेल, पैनल और मॉड्यूल चीन से आयात किए थे।