हुरुन इंडिया के अनुसार, जोमैटो के सीईओ दीपिंदर गोयल अब भारत के दूसरे सबसे बड़े सेल्फ मेड उद्यमी हैं। उनकी कंपनी जोमैटो का मूल्यांकन 190% की तेज वृद्धि दर्ज करते हुए 2,51,900 करोड़ रुपये हो गया है। गोयल के बाद उनके प्रतिद्वंद्वी स्विगी के श्रीहर्ष मजेटी और नंदन रेड्डी हैं। हुरुन के अनुसार, इस साल की शुरुआत में सार्वजनिक हुई स्विगी ने पिछले साल की तुलना में अपने मूल्यांकन में 52% की वृद्धि दर्ज की, और अब यह 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई है।
डी-मार्ट के राधाकिशन दमानी सेल्फ मेड उद्यमियों की सूची में पहले नंबर पर
आईडीएफसी फर्स्ट प्राइवेट और हुरुन इंडिया की मिलेनिया 2024 की शीर्ष 200 सेल्फ मेड उद्यमियों की सूची में दलाल स्ट्रीट के दिग्गज और एवेन्यू सुपरमार्ट्स (डी-मार्ट) के राधाकिशन दमानी इस वर्ष भी नंबर एक पर हैं। उनकी कंपनी का मूल्यांकन 3.4 लाख करोड़ रुपये है, इसमें पिछले साल की तुलना में मूल्य में 44% की वृद्धि हुई है। मेकमाईट्रिप के सह-संस्थापक दीप कालरा और राजेश मागो 99,300 करोड़ रुपये के मूल्यांकन के साथ सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गए।
मैक्स हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट के अभय सोई सूची में चौथे स्थान पर
96,100 करोड़ रुपये के मूल्यांकन के साथ, मैक्स हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अभय सोई इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने अपनी विशेषज्ञता का उपयोग करते हुए जेपी मॉर्गन से रेडिएंट लाइफ केयर की स्थापना के लिए धन प्राप्त किया। इसके जरिए दिल्ली में डॉ बीएल कपूर मेमोरियल अस्पताल और मुंबई में नानावटी अस्पताल का कायाकल्प हुआ। 2019 में, केकेआर से समर्थित रेडिएंट लाइफ केयर ने दक्षिण अफ्रीका स्थित लाइफ हेल्थकेयर से मैक्स हेल्थकेयर में 49.7% हिस्सेदारी हासिल की थी।
पॉलिसीबाजार के संस्थापक यशीष दहिया और आलोक बंसल का नाम शीर्ष 10 में आया
पॉलिसीबाजार के संस्थापक यशीष दहिया और आलोक बंसल इस साल 78,600 करोड़ रुपये के मूल्यांकन के साथ शीर्ष 10 में शामिल हुए हैं, उनके मूल्यांकन में पिछले साल से 128% की वृद्धि हुई है। हुरुन ने कहा कि इसी अवधि में उनके राजस्व में 36% की वृद्धि हुई है। सूची में अन्य लोगों में ड्रीम 11 के सह-संस्थापक भावित शेठ और हर्ष जैन, जेरोध के सह-संस्थापक निखिल और नितिन कामथ, रेजरपे के सह-संस्थापक हर्षिल माथुर और शशांक कुमार, और नाइका की फल्गुनी नायर का भी नाम शामिल हैं। हुरुन इंडिया के एमडी और मुख्य शोधकर्ता अनस रहमान जुनैद के अनुसार रिपोर्ट भारत की अर्थव्यवस्था पर सेल्फ मेड उद्यमियों के असाधारण प्रभाव को दर्शाती है, उनके व्यापार का कुल मूल्य 431 बिलियन डॉलर है।
2020 के बाद स्थापित चार कंपनियों का सामूहिक मूल्य अब 69,400 करोड़ रुपये
उन्होंने कहा, "2020 के बाद स्थापित चार कंपनियों का सामूहिक मूल्य अब 69,400 करोड़ रुपये है। ये उद्यमी विकास को गति दे रहे हैं और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं। इन कंपनियों का कर्मचारी लाभ 49,000 करोड़ रुपये से बढ़कर इस साल 54,000 करोड़ रुपये हो गए हैं। इसका मतलब है कि ये कंपनियों मानव संसाधन पर खर्च कर रही हैं।" शीर्ष दस में शामिल गैर-यूनिकॉर्न कंपनियों में एवेन्यू सुपरमार्केट, जोमैटो, मैक्स हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट, मेकमायट्रिप, पॉलिसी बाजार और नाइका शामिल हैं। शीर्ष दस कंपनियों में से तीन का मुख्यालय मुंबई, बेंगलुरु और गुरुग्राम में है।
सूची में शीर्ष 10 सबसे युवा उद्यमी
जेप्टो के 21 वर्षीय कैवल्य वोहरा, का मूल्यांकन 259% की वृद्धि के साथ 41,800 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वे भारत के शीर्ष 200 सेल्फ मेड उद्यमियों की सूची में सबसे युवा हैं। उनके बाद जेप्टो के ही 22 वर्षीय आदित पालीचा और भारतपे के 26 वर्षीय शाश्वत नकरानी का नाम है। अन्य लोगों में ओयो के रितेश अग्रवाल, स्लाइस के राजन बजाज और स्मार्टवर्क्स के नीतीश सारदा के नाम शामिल हैं।
सूची में शीर्ष 10 महिला उद्यमी
नाइका की संस्थापक 61 वर्षीय फाल्गुनी नायर इस सूची में सबसे बुजुर्ग महिला हैं, जबकि मामाअर्थ की गजल अलघ सबसे युवा हैं। अन्य लोगों में ऑफ बिजनेस की रुचि कालरा, अपस्टॉक्स की कविता सुब्रमण्यन और एको जनरल इंश्योरेंस की रुचि दीपक शामिल हैं।