क्यों जरूरी है रिबैलेंसिंग?
बाजार में कुछ एसेट्स तेजी से बढ़ते हैं, तो कुछ सुस्त पड़ जाते हैं। इससे आपका पोर्टफोलियो टॉप-हैवी हो जाता है। रिबैलेंसिंग का मतलब है, मुनाफे को सुरक्षित करना और जोखिम को कम करना। यह अनुशासन ही आपको लंबी अवधि के लक्ष्यों के करीब रखता है।
रिबैलेंसिंग के 4 बड़े फायदे
- मुनाफा वसूली: यह आपको ऊंचे भाव पर बेचने और गिरे हुए भाव पर खरीदने के लिए मजबूर करता है।
- जोखिम नियंत्रण: बाजार की गिरावट में आपका पूरा पैसा डूबने से बच जाता है, क्योंकि आपने समय पर मुनाफा सुरक्षित कर लिया था।
- अनुशासन: यह लालच और डर की भावना को खत्म कर देता है।
- टैक्स हार्वेस्टिंग: दिसंबर के अंत में रिबैलेंसिंग करने से आप सालाना 1.25 लाख रुपये तक के लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन का टैक्स बेनेफिट भी ले सकते हैं।
कैसे करें शुरुआत?
- एसेट क्लास चेक करें: देखें कि लार्ज कैप, मिड कैप और स्मॉल कैप का बैलेंस कैसा है। स्मॉल कैप में अक्सर बहुत ज्यादा उछाल आता है, वहां से मुनाफा निकालना समझदारी है।
- अंडरपरफॉर्मर को बाहर निकालें: उन स्टॉक्स या फंड्स को बेच दें, जो लगातार इंडेक्स से कम रिटर्न दे रहे हैं।
- लक्ष्य से जोड़ें: अगर आपका लक्ष्य 2 साल बाद घर खरीदना है, तो पैसा इक्विटी से निकालकर डेट में धीरे-धीरे शिफ्ट करना शुरू करें।
- 2026 का रोडमैप: 12 लाख रुपये तक की इनकम टैक्स छूट और GST स्लैब को तर्कसंगत बनाने जैसे फैसलों से एक बात तय है कि 2026 खपत का साल होने वाला है।
कब और कितनी बार करें रिबैलेंसिंग?
खुदरा निवेशकों के लिए सालाना रिबैलेंसिंग पर्याप्त है। बार-बार पोर्टफोलियो को छेड़ने से ट्रांजेक्शन कॉस्ट और शॉर्ट-टर्म टैक्स का बोझ बढ़ता है। रिबैलेंसिंग का मतलब ये नहीं है कि आप हर महीने खरीद-बिक्री करें। साल में एक बार, खासकर दिसंबर के आखिरी हफ्ते में अपने पोर्टफोलियो का आईना देखना काफी है।
निवेश सिर्फ पैसा लगाना नहीं
निवेशक अक्सर दो गलतियां करते हैं। पहली, वे रिबैलेंसिंग करते ही नहीं और जब बाजार गिरता है, तो वे सारा मुनाफा गंवा बैठते हैं। दूसरी, वे बहुत ज्यादा रिबैलेंसिंग करते हैं और अपना आधा मुनाफा टैक्स और ब्रोकरेज में दे देते हैं। निवेश केवल पैसा डालना नहीं है, उसे मैनेज करना भी है। 2026 में बाजार की दिशा पॉलिसी ड्रिवेन होगी। आप अभी भी उन सेक्टर्स में फंसे हैं जो 2025 में पिट चुके हैं, तो दिसंबर निकलने का सही मौका है।
किन सेक्टर्स पर रखें नजर?
ऑटो, FMCG और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स: जब लोगों के पास टैक्स बचेगा, तो वे गाड़ियां, फ्रिज और रोजमर्रा का सामान खरीदेंगे। रिटेल और रियल एस्टेट: खपत बढ़ने का सीधा फायदा इन सेक्टर्स को मिलेगा। बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज: होम लोन और कंज्यूमर लोन की बढ़ती मांग इन्हें रडार पर रखेगी।
टैक्स हार्वेस्टिंग है ब्रह्मास्त्र
रिबैलेंसिंग करते समय बिना सोचे-समझे बेचना बेवकूफी है। यहां टैक्स एफिशिएंसी काम आती है। अगर कुछ शेयरों में घाटा है, तो उन्हें बेचकर लॉस बुक करें। इस घाटे को मुनाफे के खिलाफ एडजस्ट करें। इससे आपकी टैक्स देनदारी कम होगी और पोर्टफोलियो से कूड़ा भी साफ हो जाएगा।
2025 में कौन जीता, कौन हारा?
इस साल ने निवेशकों को काफी छकाया है। लार्ज-कैप शेयरों ने अपनी मजबूती दिखाई और पोर्टफोलियो को सहारा दिया। मिड-कैप और स्मॉल-कैप दबाव में रहे। आईटी, रियल एस्टेट, मीडिया और कंज्यूमर सेक्टर ने उम्मीदों पर पानी फेरा। कमजोर अर्निंग्स और वैश्विक अनिश्चितता ने इन सेक्टर्स की कमर तोड़ दी।