विमान ईंधन की कीमत में शनिवार को 6.7 फीसदी की बड़ी वृद्धि की गई। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल के महंगा होने से जल्द ही डीजल और पेट्रोल के खुदरा भाव भी बढ़ाए जा सकते हैं। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने दिल्ली में विमान ईंधन (एटीएफ) का भाव प्रति हजार लीटर 3885 रुपये यानी 6.7 फीसदी बढ़ा कर 61,690.28 रुपये कर दिया।
विभिन्न राज्यों पेट्रोलियम पर बिक्री कर की दरों में भिन्नता के कारण वहां एटीएफ के भाव अलग अलग हो सकते हैं। इससे पहले कंपनियों ने दो बार एटीएफ के भाव घटाए थे। पहली अप्रैल को इसमें तीन और 19 अप्रैल को एक फीसदी की कमी की गई थी। उल्लेखनीय है कि डीजल और पेट्रोल की कीमत लगातार 16वें दिन एक ही स्तर पर बनी हुई है।
अधिकारियों ने संकेत दिया कि मोटर वाहन ईंधनों के दामों में जल्दी ही संधोशन हो सकता है। एक अधिकारी ने कहा कि पिछले चार दिन से दाम लगातार चढ़ रहे हैं और इस दौरान दुबई में कच्चा तेल 2.91 डालर प्रति बैरल महंगा हो चुका है। पेट्रोल और डीजल के खुदरा मूल्यों में क्रमश: 60 और 54 फीसदी केंद्रीय व राज्य स्तरीय करों का होता है।
भारत में कोविड19 की नयी लहर से पेट्रोलियम की मांग पर असर पड़ने की संभावनाओं के बावजूद अंतराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल चढ़ रहा है। इसके पीछे अमेरिका की मजबूत मांग और डालर की कमजोरी बताया जा रहा है।