भगोड़े अरबपति ललित मोदी और विजय माल्या का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दोनों साथ में नाचते-गाते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो ललित मोदी ने ही अपने सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो क्लिप में दोनों को फ्रैंक सिनात्रा का माई वे गाना गाते हुए देखा जा सकता है।
यह वीडियो लंदन का बताया जा रहा है और इस पार्टी में दुनियाभार के 300 से ज्यादा चुनिंदा लोगों को ही इनवाइट किया गया था। उपस्थित लोगों में वेस्टइंडिज के पूर्व क्रिकेटर क्रिस गेल का नाम भी शामिल थे। क्रिस ने मोदी और माल्य दोनों के साथ अपनी तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की थी। उन्होंने कैप्शन में लिखा था, हम इसका भरपूर आनंद ले रहे हैं । एक शानदार शाम के लिए धन्यवाद। साथ ही क्रिस ने दोनों को टैग किया।
मोदी ने वीडियो शेयर करके लिखा कि इस पार्टी में बहुत से लोग विशेष रूप से यात्रा करके आए थे। इस शाम में शामिल होने वाले और इसे मेरे लिए सबसे खास रातों में से एक बनाने वाले सभी लोगों का धन्यवाद। उम्मीद है कि यह वीडियो इंटरनेट पर धूम नहीं मचाएगा। निश्चित रूप से यह विवादास्पद है। लेकिन यही वह काम है जो मैं सबसे अच्छा करता हूँ ।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के संस्थापक ललित मोदी पर वित्तीय गड़बड़ियों के कई आरोप लगे हैं। मोदी ने 2010 में भारत छोड़ दिया था। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मोदी के खिलाफ कई मामले चलाए हैं, जिनमें मनी लॉन्ड्रिंग, बोली में हेरफेर और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के उल्लंघन से संबंधित आरोप शामिल हैं। भारत ने बार-बार ब्रिटेन से उनके प्रत्यर्पण की मांग की है, लेकिन वे अभी भी ब्रिटिश निवासी हैं। मोदी 60 वर्ष के हो चुके हैं और उनका कहना है कि उनपर लगे आरोप राजनीति से प्रेरित हैं।