केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 43वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) का उद्घाटन किया। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अनुसार, 14 से 27 नवंबर तक चलने वाला यह आयोजन भारत की विविध संस्कृति, व्यापार और नवाचार के जश्न की तरह है। व्यापार और सहयोग के लिए यह एक वैश्विक मंच प्रदान करता है।
इस वर्ष का आईआईटीएफ 107,000 वर्ग मीटर में फैला हुआ है, जिसमें भारत और विदेश से 3,500 से अधिक प्रतिभागी शामिल हैं। बिहार और उत्तर प्रदेश भागीदार राज्य हैं, जबकि झारखंड फोकस राज्य है, जो मेले के दौरान अपनी संस्कृति, व्यापार क्षमता और उत्पादों का प्रदर्शन करेगा।
प्रतिभागियों में 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, 49 केंद्रीय मंत्रालयों और टाइटन, जिंदल स्टील एंड पावर, JSW स्टील, रिलैक्सो और हॉकिन्स जैसी प्रमुख निजी फर्मों के प्रतिनिधि शामिल हैं। चीन, मिस्र, ईरान, दक्षिण कोरिया और यूएई जैसे देशों के अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शक भी मेले में शामिल हो रहे हैं। मेले में प्रतिदिन लगभग एक लाख आगंतुकों के शामिल होने की उम्मीद है। आगंतुक 14 से 18 नवंबर तक व्यावसायिक दिनों में और 19 से 27 नवंबर तक सामान्य दिनों में मेले में भाग ले सकते हैं।
बिहार सरकार के हथकरघा व रेशम उत्पादन विभाग के निदेशक निखिल धनराज निपाणीकर ने अमर उजाला से कहा कि राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देकर राज्य की आर्थिक स्थिति बेहतर करने की कोशिश की जा रही है। राज्य के अलग-अलग जिलों में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर लोगों को रोजगार के साथ-साथ आर्थिक समृद्धि प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
धनराज निपाणीकर ने कहा कि राज्य में निवेश के लिए उपयोगी माहौल बनाने की पहल की जा रही है। अच्छी सड़कें और निवेश के योग्य माहौल देकर व्यापारियों को निवेश के लिए आकर्षित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बिहार देश को विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाएगा। बिहार पवेलियन में सभ्यता द्वार, बोधि वृक्ष, ग्लास ब्रिज, आधुनिक नालंदा विश्वविद्यालय एवं मधुबनी पेंटिंग, मंजूषा पेंटिंग और टिकुली आर्ट को दिखाया गया है।
दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने पहले ही दिन दिल्ली पवेलियन का दौरान किया। दिल्ली पवेलियन हॉल नंबर तीन में द्वितीय तल पर लगाया गया है। पवेलियन में दिल्ली सरकार के कार्यों को दिखाने के लिए अलग-अलग स्टाल लगाए गए हैं। दिल्ली सरकार का टूरिज्म, सार्वजनिक परिवहन और समाज कल्याण विभाग के अलग-अलग स्टॉल लोगों को सरकार के कार्यों की जानकारी दे रहे हैं।