गोयल ने कहा कि 'आवास, इंफ्रास्ट्रक्चर, वाणिज्यिक रियल एस्टेट, रेलवे, एयरपोर्ट, हाईवे और ऊर्जा जैसे क्षेत्र देश की आर्थिक वृद्धि को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।'
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को उद्योग जगत से अपील करते हुए कहा कि वे आयात घटाने और स्वच्छ और हरित ऊर्जा पर फोकस करें। साथ ही उन्होंने भूकंप रोधी ढांचे और पर्यावरण हितैषी इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण पर ध्यान देने की अपील की।
विज्ञापन
गोयल बोले- रेलवे, एयरपोर्ट आदि आर्थिक विकास में अहम
नई दिल्ली में केमिकल्स एंड एलाइड प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (CAPEXIL) के 'वाइब्रेंट बिल्डकॉन 2025' के पहले संस्करण के उद्घाटन समारोह में बोलते हुए उन्होंने कहा कि 'आवास, इंफ्रास्ट्रक्चर, वाणिज्यिक रियल एस्टेट, रेलवे, एयरपोर्ट, हाईवे और ऊर्जा जैसे क्षेत्र देश की आर्थिक वृद्धि को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा, 'सीमेंट और इलेक्ट्रिकल्स से लेकर सुरक्षा प्रणालियों और ऑटोमेशन तक हर तत्व इस पारिस्थितिकी तंत्र में भूमिका निभाता है।'
'2047 तक 30-35 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में मदद मिलेगी'
गोयल ने कहा कि 20 नए स्मार्ट औद्योगिक शहरों, 50 पर्यटक स्थलों में बेहतर पर्यटन बुनियादी ढांचे और 100 नए औद्योगिक प्लग-एंड-प्ले हब बनाने की योजना पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की पहल से भारत को मौजूदा 4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था से 2047 तक 30-35 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने में मदद मिलेगी।