सीतारमण ने कहा कि सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के नतीजे में, मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि ट्विन बैलेंस शीट की समस्या दूर हो गई है। रिजर्व बैंक ने भी कहा है कि अब ट्विन बैलेंस शीट फायदे में दिख रही है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था अब ट्विन बैलेंस शीट की समस्या से उबर गई है और अब बैंक और कंपनियां मुनाफा कमा रही हैं। वित्त मंत्री ने इसका श्रेय केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों को दिया। वित्त मंत्री ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का वित्तीय वर्ष 2022-23 में मुनाफा 1.04 लाख करोड़ रुपए रहा, जो कि 2014 के मुकाबले तीन गुना ज्यादा है।
विज्ञापन
अर्थव्यवस्था को मिल रहा फायदा
पंजाब एंड सिंध बैंक के कॉरपोरेट कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर बोलते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के नतीजे में, मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि ट्विन बैलेंस शीट की समस्या दूर हो गई है। रिजर्व बैंक ने भी कहा है कि अब ट्विन बैलेंस शीट फायदे में दिख रही है और भारतीय अर्थव्यवस्था को भी इसका फायदा मिल रहा है।
क्या होती है ट्विन बैलेंस शीट समस्या (Twin Balance sheet Problem)
ट्विन बैलेंस शीट की समस्या से अर्थ उन कंपनियों से है जो कर्ज में डूबी हैं और बैंकों का कर्ज चुकाने में भी असमर्थ होती हैं। कंपनियों द्वारा कर्ज नहीं चुकाने से बैंकों की बैलेंस शीट भी गड़बड़ा जाती है और एनपीए बढ़ता है। इस तरह पूरी अर्थव्यवस्था इससे प्रभावित होती है।
केंद्रीय वित्त मंत्री ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की आर्थिक सेहत में सुधार हुआ है और सभी जरूरी पैरामीटर जैसे आस्तियों पर रिटर्न, नेट ब्याज लाभांश आदि के प्रदर्शन में सुधार हुआ है।