वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को 2026-27 वित्तीय वर्ष का बजट पेश किया। आधिकारिक प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) के बजट 2026 भाषण के वीडियो के अनुसार, सीतारमण का बजट भाषण लगभग 85 मिनट यानी 1 घंटे 25 मिनट का रहा। जो पिछली बार के मुकाबले थोड़ा बड़ा है।
गुरु रविदास को याद कर शुरू किया बजट भाषण
वित्त मंत्री ने गुरु रविदास के स्मरण और 'माघ पूर्णिमा के पावन अवसर' के उल्लेख से बजट भाषण की शुरुआत की। इस बार बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री बेहद ही गंभीर रहीं और किसी भी तरह की कविता या शायरी को पढ़ने से बचती नजर आईं।
सीतारमण के नाम है सबसे लंबा बजट भाषण देने का रिकॉर्ड
देश का सबसे लंबा बजट भाषण देने का रिकॉर्ड वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम पर दर्ज है। उन्होंने 2020 में सबसे लंबा 2 घंटे 42 मिनट का बजट भाषण दिया था। उसके बाद उनका भाषण औसत तौर पर डेढ़ घंटे का रहा है। निर्मला सीतारमण ने 2019 में वित्त मंत्री बनने के बाद 2 घंटे 17 मिनट, 2020 में सबसे लंबा 2 घंटे 42 मिनट, 2021 में 1 घंटे 40 मिनट, 2022 में 1 घंटे 31 मिनट, 2023 में 1 घंटे 27 मिनट, 2024 में (अंतरिम बजट) 56 मिनट, 2024 में (पूर्ण बजट) 1 घंटे 25 , 2025 में 1 घंटे 17 मिनट और 2026 में 1 घंटे और 25 मिनट का भाषण दिया है।
ये भी पढ़ें:
चुनावी राज्यों पर मेहरबान सरकार, हाई स्पीड रेल नेटवर्क से रेयर अर्थ कॉरिडोर तक की सौगात
मोरारजी देसाई के रिकॉर्ड से महज एक कदम दूर
अब तक सबसे ज्यादा बार आम बजट पेश करने का रिकॉर्ड मोरारजी देसाई के नाम है, जिन्होंने 10 बार बजट प्रस्तुत किया। इसके बाद पी. चिदंबरम और प्रणव मुखर्जी ने नौ बार बजट पेश किया। यशवंतराव चह्वाण, सीडी देशमुख और यशवंत सिन्हा ने सात बार, जबकि मनमोहन सिंह और टीटी कृष्णमाचारी ने छह बार आम बजट पेश किया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 23 जुलाई 2024 को लगातार सातवीं बार बजट पेश किया था। इससे पहले 1 फरवरी 2024 को उन्होंने अंतरिम बजट प्रस्तुत किया था। इस वर्ष वह लगातार नौवीं बार बजट पेश करेंगी और अगले साल वह मोरारजी देसाई के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगी।