अब आप जल्द ही उबर एप की मदद से मेट्रो में सफर कर सकेंगे। इसके लिए यात्रियों को कार्ड या फिर टोकन का प्रयोग भी नहीं करना पड़ेगा। इसके साथ ही यात्रियों को घर से मेट्रो स्टेशन या फिर मेट्रो स्टेशन से अपने घर तक कैब की सुविधा भी मिलेगी। सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए उबर ने दिल्ली मेट्रो कॉर्पोरेशन लिमिटेड (डीएमआरसी) के साथ समझौता किया है।
इस तरह की योजना पहली बार एशिया और भारत में शुरू की गई है। इससे पहले इस सेवा को अमेरिका के बोस्टन और फ्रांस के नाइस (Nice) शहर में शुरू किया गया था। फिलहाल इस योजना को दिल्ली मेट्रो के 210 स्टेशनों में शुरू किया गया है। एप पर एक बुकिंग से ही आपकी पूरी यात्रा हो जाएगी। इससे यात्रियों को बार-बार बुकिंग करने के, टोकन या फिर स्मार्ट कार्ड को खरीदने/रिचार्ज कराने के झंझट से मुक्ति मिलेगी।