लगातार गिरावट के बाद आज सोना-चांदी की कीमतों में उछाल देखा गया। सोना करीब 8,246 रुपये महंगा होकर 1,49,939 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि चांदी में करीब 14 फीसदी की तेजी आई और इसके भाव 33,732 रुपये बढ़कर 2,69,993 रुपये प्रति किलो हो गए।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर सहमति और टैरिफ में 18 फीसदी की कटौती का बड़ा असर शेयर बाजार के साथ अब कमोडिटी मार्केट पर भी दिख रहा है। बीते पांच कारोबारी दिनों में लगातार गिरने के बाद आज सोना-चांदी की कीमतों में उछाल दर्ज की गई है। सोने की कीमतों में करीब 8,246 रुपये की तेजी देखी गई। वहीं चांदी के भाव में 14.28 फीसदी की तेजी के साथ 33,732 रुपये का उछाल आया। ऐसे में अब सोने का ताजा भाव 1,49,939 रुपए 10 ग्राम पहुंच गया है, जबकि चांदी 2,69,993 रुपए प्रति किलो पहुंच गई है।
दर्ज की गई थी भारी गिरावट
इससे पहले सोमवार (02 फरवरी) को अखिल भारतीय सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई थी। चांदी की कीमतों में लगातार तीसरे दिन बड़ी गिरावट आई और यह 52,000 रुपये टूटकर 2.60 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई थी। पिछले तीन सत्रों में चांदी अपने 29 जनवरी के उच्चतम स्तर से लगभग 36 प्रतिशत गिरी थी। वहीं 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत भी 12,800 रुपये गिरकर 1,52,700 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी दर्ज की गई। कॉमेक्स पर मंगलवार सुबह कारोबार के दौरान सोना करीब 137 डॉलर यानी लगभग 3 फीसदी चढ़कर 4,789 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं चांदी में और भी तेज उछाल देखने को मिला, जो 5.81 फीसदी या करीब 4.4 डॉलर की बढ़त के साथ 81 डॉलर प्रति औंस के स्तर के पार कारोबार करती नजर आई।