Sone Chandi ka Aaj ka Rate: सोने-चांदी की कीमतों में मंगलवार को गिरावट देखने को मिली। चांदी 7230 रुपये सस्ती होकर 2.34 लाख प्रति किलो पर आ गई। वहीं सोने का भाव 2000 रुपये गिरकर 1.53 लाख प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
सोना और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे सत्र में गिरावट दर्ज की गई। एशियाई ट्रेडिंग घंटों के दौरान स्पॉट गोल्ड 0.43% फिसलकर 4,992 डॉलर प्रति औंस के नीचे आ गया, जबकि स्पॉट सिल्वर में करीब 3% की तेज गिरावट के साथ कीमत 74.24 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
सोना-चांदी की कीमतों पर अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। जनवरी में अमेरिका में उपभोक्ता महंगाई उम्मीद से कम रही, वहीं दूसरी ओर रोजगार वृद्धि अनुमान से अधिक मजबूत रही। इन संकेतों ने फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर बाजार की उम्मीदों को संतुलित कर दिया है।
अब निवेशकों का फोकस फेड की बैठक के मिनट्स, चौथी तिमाही के जीडीपी आंकड़े और फेड के पसंदीदा कोर PCE प्राइस इंडेक्स पर है, जो आगे की मौद्रिक नीति की दिशा का संकेत दे सकते हैं।
भूराजनीतिक मोर्चे पर एक ईरानी राजनयिक के बयान ने भी बाजार भावना को प्रभावित किया है, जिसमें अमेरिका के साथ आर्थिक लाभ देने वाले परमाणु समझौते की इच्छा जताई गई है। साथ ही, अमेरिकी बाजार प्रेसिडेंट्स डे के कारण बंद रहे, जबकि चीन और एशिया के कई बाजार लूनर न्यू ईयर की छुट्टियों के चलते बंद थे, जिससे ट्रेडिंग वॉल्यूम सीमित रहा और कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला।