Petrol Diesel Price Cut: नायरा एनर्जी ने आज पेट्रोल-डीजल के दाम घटाने का एलान किया है। अब नजरें अन्य कंपनियों पर टिकी हैं। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) की तरफ से पेट्रोल-डीजल की ताजा कीमतों को लेकर फिलहाल कोई अपडेट सामने नहीं आया है। नायरा की तरफ से दाम घटाए जाने के बाद नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
कीमतों में कितनी कटौती, कहां मिलेगा लाभ?
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक नायरा ने पेट्रोल के दाम में पांच रुपये की कटौती की है, जबकि डीजल के दाम तीन रुपये घटाए गए हैं। अब देश के करीब 7000 पंपों पर इसका लाभ मिलेगा।
कीमतों में कटौती का लाभ कहां मिलेगा?
दरअसल, पश्चिम एशिया में तनावपूर्ण माहौल के बीच ईरान-अमेरिका के बीत पहले जिनेवा में समझौता वार्ता हुई। अब अगले दौर की बातचीत कतर में होनी है। इसी बीच एक जुलाई को भारत की सबसे बड़ी निजी ईंधन वितरक कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में प्रति लीटर की कटौती का एलान किया है। यह कटौती कंपनी के देशभर में मौजूद रिटेल नेटवर्क पर तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
राज्यों में क्या अलग-अलग होंगी दरें?
कीमतों में इस कटौती की वजह मध्य पूर्व में तनाव कम होने के कारण कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट होना है। हालांकि, वैल्यू-एडेड टैक्स (वेट) और स्थानीय टैक्स के चलते रिटेल ईंधन की कीमतें राज्य-दर-राज्य अलग-अलग हो सकती हैं।
कच्चे तेल की कीमतों में कितनी गिरावट?
अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध को लेकर शांति वार्ता होने से मध्य पूर्व क्षेत्र में तनाव कम हो गया है। इससे कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट देखी गई है। ब्रेंट क्रूड का दाम पिछले एक महीने में करीब 23 प्रतिशत कम हो गया है, मौजूदा समय में ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 73.21 डॉलर प्रति बैरल पर है। वहीं, डब्ल्यूटीआई क्रूड की कीमतों में भी बीते एक महीने में करीब 25 प्रतिशत की बड़ी गिरावट देखी गई है। इससे डब्ल्यूटीआई क्रूड फ्यूचर्स का दाम घटकर 70 डॉलर प्रति बैरल के नीचे 69.73 डॉलर प्रति बैरल पर गया है।
ये भी पढ़ें- ATF Price Cut: कमर्शियल LPG सिलिंडर के बाद एटीएफ कीमतों में भी कटौती, जेट ईंधन पांच रुपये सस्ता; नई कीमत क्या?
सरकारी कंपनियों की कीमतों में कितने बदलाव?
हालांकि, सरकारी तेल कंपनियों की ओर से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नई दिल्ली में पेट्रोल का दाम 102.12 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 95.20 रुपए प्रति लीटर बनी हुई है। इसके अतिरिक्त, तेल वितरक कंपनियों ने एक जुलाई से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती का एलान किया है। इससे राष्ट्रीय राजधानी में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का दाम 183.50 रुपए घटकर 2,930 रुपए हो गया है, जो कि पहले 3,113.50 रुपए था। हालांकि, 14 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और उसे 942 रुपए पर स्थिर रखा गया है।