अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से भारत से किए जाने वाले आयातों पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का आदेश सात अगस्त से प्रभावी होगा। इसका असर भारत के कपड़ा उद्योग पर भी पड़ेगा। कपड़ा मंत्रालय ने टैरिफ के प्रभाव को लेकर उद्योगपतियों से चर्चा की तैयारी की है।
केंद्र सरकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लगाए गए 25 फीसदी टैरिफ से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। अमेरिकी निर्यात पर निर्भर देश के कपड़ा उद्योग ने भी टैरिफ के प्रभाव का आकलन करना शुरू कर दिया है। इसे लेकर कपड़ा मंत्रालय ने भी कमर कस ली है। टैरिफ के बारे में जल्द ही केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह बड़े उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे। इसमे उद्योगपतियों से टैरिफ के प्रभाव के बारे में बात की जाएगी। इस मुलाकात में भारत-ब्रिटेन एफटीए को लेकर भी चर्चा होगी।
विज्ञापन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से भारत से किए जाने वाले आयातों पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का आदेश सात अगस्त से प्रभावी होगा। समाचार एजेंसी पीटीआई को कपड़ा मंत्रालय के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सरकार अमेरिकी टैरिफ के संभावित प्रभाव को कम करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। सरकार और उद्योग का लक्ष्य 2030 तक 100 अरब डॉलर का कपड़ा निर्यात करना है।
सूत्रों ने कहा कि टैरिफ को लेकर घरेलू कपड़ा निर्यातकों को समर्थन देने के लिए विचार किए जा रहे किसी भी उपाय के बारे में बात करना जल्दबाजी होगी, लेकिन सरकार उद्योग की प्रतिक्रिया जानना चाहती है। साथ ही ब्रिटेन-भारत एफटीए तथा अप्रयुक्त क्षमता वाले अन्य बाजारों में चुनौतियों और अवसरों पर चर्चा करना चाहती है। इसलिए केंद्रीय मंत्री ने कपड़ा उद्योग के विभिन्न उद्योगपतियों और परिधान निर्यात कंपनियों से बात करेंगे। चर्चाएं ब्रिटेन-भारत मुक्त व्यापार समझौते से कपड़ा क्षेत्र के लिए उत्पन्न होने वाले अवसरों को साकार करने पर भी केंद्रित होंगी।
विज्ञापन
कपड़ा उद्योग पर टैरिफ का प्रभाव
भारत का कपड़ा उद्योग के निर्यात का बड़ा हिस्सा भी अमेरिका पर निर्भर है। आंकड़ों की मानें तो भारत से होने वाला कुल टेक्सटाइल निर्यात का 28 फीसदी अकेले अमेरिका को जाता है। ऐसे में टैरिफ का असर इस सेक्टर पर सबसे ज्यादा पड़ेगा। दरअसल, अमेरिका ने बीते वर्षों में भारत के साथ-साथ वियतनाम, इंडोनेशिया और बांग्लादेश से बड़ी मात्रा में टेक्सटाइल उत्पादों का आयात किया है।
जहां वियतनाम पर फिलहाल अमेरिका 19 फीसदी टैरिफ लगा रहा है, वहीं इंडोनेशिया पर ट्रंप ने 20 फीसदी टैरिफ लगाया है। इस लिहाज से भारत के टेक्सटाइल सेक्टर को अमेरिकी टैरिफ के चलते प्रतियोगिता में नुकसान होने की संभावना है। गौरतलब है कि इस सेक्टर में बांग्लादेश और कंबोडिया भी भारत से प्रतियोगिता में रहे हैं, लेकिन अमेरिका ने इन देशों के ऊपर ज्यादा टैरिफ लगाया है। बांग्लादेश पर अमेरिका का आयात शुल्क 35 फीसदी तो कंबोडिया पर 36 फीसदी है।