2019-20 वित्त वर्ष की पहली तिमाही में आईटी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) को 8131 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। कंपनी ने पिछले साल की तुलना में 10.80 फीसदी ज्यादा मुनाफा कमाया है। एक साल पहले समान अवधि में कंपनी का मुनाफा 7,340 करोड़ रुपये रहा था।
आय में हुई 11.4 फीसदी का इजाफा
कंपनी की आय में भी 11.4 फीसदी का इजाफा देखने को मिला है। इस वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी को 38 हजार 172 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि पिछले वित्त वर्ष यह आंकड़ा 34 हजार 261 करोड़ रुपये रहा था।
डॉलर से होने वाली आय भी बढ़ी
वित्त वर्ष 2020 की पहली तिमाही में टीसीएस की डॉलर आय 1.6 फीसदी बढ़कर 548.5 करोड़ डॉलर पर पहुंच गई है। वित्त वर्ष 2019 की चौथी तिमाही में टीसीएस की डॉलर आय 539.7 करोड़ डॉलर रही थी।
12,356 लोगों को मिली नौकरी
कंपनी ने इस दौरान 12356 लोगों को नौकरी पर रखा जो कि पांच साल में सबसे बड़ा आंकड़ा है। कंपनी की आय में डिजिटल कारोबार का योगदान 32.2 फीसदी रहा है। लाइफ साइंसेस और हेल्थ केयर कारोबार की ग्रोथ 8.1 फीसदी पर, बीएफएसआई कारोबार की ग्रोथ 8.4 फीसदी, टेक एंड सर्विसेस ग्रोथ 7.8 फीसदी और मैन्यूफैक्चरिंग कारोबार की ग्रोथ 5.5 फीसदी पर रही है।