स्विस बैंक में धन रखने के मामले में भारत खिसककर 75वें स्थान पर पहुंच गया है। स्विस बैंक में भारत की ओर से 1.2 अरब स्विस फ्रैंक (करीब 8392 करोड़ रुपये) जमा है। इस सूची में यूके शीर्ष पर है। भारत पिछले साल 61वें स्थान पर था।
साल 2007 तक स्विस बैंकों में धन रखने के मामले में भारत शीर्ष 50 देशों में शामिल था। साल 2004 में भारत 37वें स्थान पर था। स्विट्जरलैंड के केंद्रीय बैंक एसएनबी (स्विस नेशनल बैंक) की ओर से जारी वार्षिक अपडेट में कहा गया है कि विदेश ग्राहकों के जमा धन में करीब 4 फीसदी की कमी आई है।
वेस्टइंडीज, जर्मनी, बहमास, फ्रांस, लक्जमबर्ग, हॉन्गकॉन्ग और पनामा शीर्ष दस देशों में शामिल हैं। ब्रिक्स देशों में रूस 17वें, चीन 28वें, ब्राजील 37वें और दक्षिण अफ्रीका 60वें स्थान पर है। रैंकिंग में पाकिस्तान 69वें स्थान पर है।