नकदी संकट से जूझ रहे श्रीलंका की अर्थव्यवस्था 2023 की पहली तिमाही में पिछले साल की तुलना में 11.5 प्रतिशत घटी है। श्रीलंका वर्तमान में द्वीप राष्ट्र के इतिहास में सबसे खराब आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। स्थिर मूल्य पर 2023 की पहली तिमाही के लिए जीडीपी घटकर 3,114,187 मिलियन रुपये रह गई है, जो 2022 की पहली तिमाही में 3,519,400 मिलियन रुपये थी। श्रीलंका के सांख्यिकी विभाग ने एक बयान में कहा, "वर्ष 2023 की पहली तिमाही के लिए वर्ष-दर-वर्ष जीडीपी वृद्धि में 11.5 प्रतिशत की नकारात्मक विकास दर दर्ज की गई।"
श्रीलंका में आर्थिक संकट के कारण पिछले वर्ष हुआ था सत्ता परिवर्तन
इस तिमाही के दौरान कृषि क्षेत्र की वृद्धि दर 0.8 प्रतिशत रही, जबकि उद्योग और सेवा क्षेत्रों में क्रमश: 23.4 प्रतिशत और पांच प्रतिशत की गिरावट आई। 2022 में, अर्थव्यवस्था में 7 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई थी क्योंकि आर्थिक कठिनाइयों ने लोगों को द्वीपीय राष्ट्र में विरोध प्रदर्शन के साथ सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर किया था। इसके परिणामस्वरूप श्रीलंका के शक्तिशाली राजपक्षे परिवार को राजनीति से बाहर होना पड़ा था।