श्रीलंका इतिहास के सबसे बुरे आर्थिक बदहाली के दौर से गुजर रहा है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार खाली हो चुका है और चीन समेत कई देशों के कर्ज का पहाड़ खड़ा हो गया है। हालात ये हैं कि बीते दिनों सरकार ने विदेशी कर्ज चुकाने के मामले में अपने हाथ खड़े कर दिए। वहीं शनिवार को आई एक रिपोर्ट के अनुसार, देश के स्टॉक मार्केट में पांच दिन कोई काम-काज नहीं होगा।
18 से 22 अप्रैल तक कारोबार नहीं
रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलंकाई शेयर बाजार अगले हफ्ते पांच दिन बंद रहेंगे। श्रीलंका के सिक्योरिटीज कमीशन ने 18 अप्रैल से 22 अप्रैल तक कोलांबो स्टॉक एक्सचेंज को बंद रखने का आदेश जारी किया है। रिपोर्ट की मानें तो ये बड़ा फैसला इसलिए लिया गया है कि ताकि निवेशकों को देश की आर्थिक स्थिति को समझने और उसे स्वीकार करने का समय मिल सके। सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन ऑफ श्रीलंका (एसईसीएस) ने अपने बयान में कहा कि स्टॉक एक्सचेंज के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर और सभी शेयरहोल्डरों ने शेयर बाजार को अस्थायी रूप से कुछ दिनों के लिए बंद करने की मांग की थी।
एसईसीएस ने बयान में कही ये बात
एसईसीएस ने बयान में कहा कि जिन आधार पर बाजार को बंद करने की मांग की थी, हमने उन सभी पर सावधानीपूर्वक गहन विचार-विमर्श किया और देश की मौजूदा आर्थिक स्थिति के बाजार पर पड़ने वाले असर का मूल्यांकन किया है। बयान में कहा गया कि इस मूल्यांकन में इस बात पर गौर किया गया कि क्या देश में पनपे इन हालातों में भी शेयरों में ट्रेडिंग व्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से हो सकेगी। कहा गया कि फैसला निवेशकों के साथ-साथ दूसरे बाजार सहयोगियों के हित में होगा, अगर उन्हें मौजूदा आर्थिक स्थितियों को अधिक स्पष्टता के समझने का अवसर मिले, जिससे वे निवेश को लेकर सोचा-समझा हुआ फैसला ले सकें।