बजट विमानन कंपनी स्पाइसजेट को लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर स्लॉट मिल गया है। इससे एयरलाइन अगले महीने से लंदन के लिए उड़ानें शुरू कर सकेगी। स्पाइसजेट ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा कि एयर बबल करार के तहत उसे ये स्लॉट मिले हैं। अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने के बाद इसका विस्तार कर उसे नियमित उड़ान सेवा की अनुमति दी जाएगी।
क्या है एयर बबल?
एयर बबल एक द्विपक्षीय व्यवस्था है, जिसमें दो देशों की एयरलाइंस कुछ नियमनों और अंकुशों के साथ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का परिचालन कर सकती हैं। स्पाइसजेट ने कहा, 'उसे एक सितंबर से उड़ानों के परिचालन के लिए हीथ्रो हवाई अड्डे पर स्लॉट मिल गया है। यह भारत और ब्रिटेन के बीच बबल करार के तहत है। यह गर्मियों की सारिणी समाप्त होने यानी 23 अक्तूबर तक प्रभावी रहेगा।'
एयरलाइन ने कहा कि नियमित परिचालन शुरू होने के बाद इसका विस्तार किया जाएगा। कोविड-19 महामारी की वजह से भारत में 22 मार्च से सभी अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक उड़ानें बंद हैं। हालांकि, इस दौरान दूसरे देशों में फंसे अपने नागरिकों को लाने के लिए तथा चार्टर उड़ानों का परिचालन किया जा रहा है। स्पाइसजेट ने कहा कि सर्दियों की समयसारिणी में नियमित परिचालन को स्लॉट लेने के लिए उसकी बातचीत अग्रिम चरण में है। भारत में एयरलाइंस के लिए सर्दियों की सारिणी अक्तूबर के आखिरी शनिवार को शुरू होकर मार्च के आखिरी में समाप्त होती है।
डीजीसीए ने स्पाइसजेट को दिया सेल रोकने का निर्देश
मालूम हो कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने स्पाइसजेट को सोमवार से शुरू हुई उसकी पांच दिन की टिकट सेल रोकने के निर्देश दिए हैं। इसकी वजह देश में घरेलू उड़ानों को 25 मई के बाद फिर से शुरू किए जाने के बाद से सरकार का हवाई यात्रा किराए पर सीमा तय करना है। इस बारे में स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा है कि एयरलाइन पहले से ही डीजीसीए के दिर्शानिर्देशों का पालन कर रही है।
स्पाइसजेट ने सोमवार की सुबह में एक प्रेस विज्ञप्ति में पांच दिन की 'एक पर एक टिकट मुफ्त' सेल घोषणा की थी। इसके तहत कंपनी ने एकतरफा घरेलू यात्रा के लिए 899 रुपये के न्यूनतम आधार किराये पर टिकट की पेशकश की है। हालांकि, इस टिकट पर कर अलग से देय है। विज्ञप्ति के मुताबिक सेल के दौरान टिकट खरीदने वाले ग्राहकों को अधिकतम 2,000 रुपये मूल्य का एक प्रोत्साहन कूपन मिलेगा। इसका उपयोग वे भविष्य की यात्राओं में कर सकेंगे।