फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

क्या मस्क को लगा झटका?: SpaceX को पहली तिमाही में 54.1 करोड़ डॉलर का घाटा, एआई और स्टारलिंक पर बढ़ा दांव

Wed, 05 Aug 2026 07:34 AM IST
Devesh Tripathi पीटीआई, न्यूयॉर्क

सार

सार्वजनिक कंपनी बनने के बाद स्पेसएक्स ने अपनी पहली तिमाही रिपोर्ट में बाजार के अनुमान से बेहतर प्रदर्शन किया। कंपनी का घाटा अपेक्षा से कम रहा, जबकि राजस्व में एक साल पहले की तुलना में 90 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान स्टारलिंक सेवा कंपनी की आय का सबसे बड़ा स्रोत बनी और उसके ग्राहकों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई।
विज्ञापन
एलन मस्क की स्पेसएक्स ने दिखाई मजबूत कमाई - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सार्वजनिक कंपनी बनने के बाद अपनी पहली तिमाही रिपोर्ट में एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने वॉल स्ट्रीट के अनुमान से कम घाटा दर्ज किया है। वहीं, कंपनी का राजस्व 90 प्रतिशत से अधिक बढ़ा है। इस दौरान कंपनी ने खासतौर पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर खर्च में बड़ी बढ़ोतरी की।
विज्ञापन


जून तक के तीन महीनों में स्पेसएक्स को 54.1 करोड़ डॉलर यानी प्रति शेयर 9 सेंट का घाटा हुआ। यह वित्तीय विश्लेषकों के अनुमान से आधे से भी कम है। वहीं, कंपनी का राजस्व बढ़कर 7.8 अरब डॉलर पहुंच गया, जो एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 90 प्रतिशत से अधिक है।

कहां से हो रही मस्क की कमाई?
तिमाही के दौरान कंपनी के लिए सबसे बड़ा राजस्व स्रोत उसका "कनेक्टिविटी" कारोबार रहा। स्टारलिंक सैटेलाइट संचार सेवा के ग्राहकों की संख्या दोगुनी होकर 1.2 करोड़ पहुंचने से इस कारोबार का राजस्व पिछले वर्ष की तुलना में 66 प्रतिशत बढ़ गया। एलन मस्क ने विश्लेषकों के साथ बातचीत में कहा, "यह असंभव नहीं है कि किसी समय स्टारलिंक दुनिया के अधिकांश इंटरनेट की सेवा उपलब्ध कराए।"
विज्ञापन


मंगलवार को नियमित कारोबार के दौरान स्पेसएक्स के शेयर 9 प्रतिशत चढ़े, हालांकि बाद के कारोबार में अधिकांश बढ़त गंवा बैठे। रॉकेट, सैटेलाइट और एआई क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी के शेयर जून में शुरुआती सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के बाद बने उच्च स्तर से लगभग आधे रह गए हैं। उसी समय मस्क कुछ समय के लिए दुनिया के पहले ट्रिलियन डॉलर संपत्ति वाले व्यक्ति बने थे।

निवेशकों में गहराई किस बात की चिंता?
निवेशकों को चिंता है कि मस्क ने अंतरिक्ष यात्रा और कंपनी के एआई चैटबॉट ग्रोक की भविष्य की संभावनाओं को लेकर जरूरत से ज्यादा उम्मीदें जताई हैं। साथ ही, इस सप्ताह के अंत में लॉकअप अवधि समाप्त होने के बाद कुछ अंदरूनी निवेशकों को शेयर बेचने की अनुमति मिलने से शेयरों में उतार-चढ़ाव बढ़ने की आशंका भी है।

चिंता का एक और कारण कंपनी का बुनियादी ढांचे और अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) पर बढ़ता खर्च है। यह खर्च एक साल पहले के तीन अरब डॉलर से कम के मुकाबले बढ़कर 18 अरब डॉलर हो गया है। कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी ब्रेट जॉनसन ने कहा कि अगले दो तिमाहियों में भी पूंजीगत खर्च इसी स्तर पर रहने की उम्मीद है। मस्क ने इस खर्च का बचाव करते हुए कहा कि इससे कंपनी की वृद्धि और तेज होगी। उनके अनुसार, अब कंपनी 2031 के बजाय 2030 तक सालाना एक ट्रिलियन डॉलर के राजस्व के लक्ष्य तक पहुंच सकती है।

स्पेसएक्स का कैसा रहा कारोबार?
जून में कारोबार के पहले दिन स्पेसएक्स के शेयर 19 प्रतिशत चढ़े थे, जिससे मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियन डॉलर संपत्ति वाले व्यक्ति बन गए थे। इसके बाद स्पेसएक्स और मस्क की इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी टेस्ला के शेयरों में आई गिरावट से उनकी संपत्ति घटकर 783 अरब डॉलर रह गई है। यह आंकड़ा फोर्ब्स के अनुसार है। विश्लेषकों ने मस्क से कई बार विशाल स्टारशिप रॉकेट की संभावनाओं पर भी सवाल किए। हाल ही में परीक्षण के दौरान स्टारशिप ने सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में सैटेलाइट तैनात किए थे।

मस्क ने कहा कि महीने के अंत तक स्पेसएक्स स्टारशिप के पुन: उपयोग की क्षमता का परीक्षण करने की कोशिश करेगा। इसके तहत वापसी के समय यान और उसके बूस्टर को यांत्रिक भुजाओं की मदद से पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा निकट भविष्य में इसी स्टारशिप की मदद से अंतरिक्ष यात्रियों को फिर से चंद्रमा पर भेजने की योजना बना रही है। स्पेसएक्स की अध्यक्ष ग्विन शॉटवेल ने कहा, "हम 2028 में चंद्रमा पर इंसानों के कदम रखना चाहते हैं।"

शेयरों में क्यों जारी रहेगा उतार-चढ़ाव?
आने वाले दिनों में स्पेसएक्स के शेयरों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। सार्वजनिक निर्गम के बाद जिन अंदरूनी निवेशकों पर शेयर बेचने की रोक थी, उसमें गुरुवार से ढील मिलनी शुरू होगी। इसके तहत 90 करोड़ से अधिक शेयर कारोबार के लिए उपलब्ध हो जाएंगे, जिससे बाजार में उपलब्ध शेयरों की संख्या दोगुनी से अधिक हो जाएगी। अगले कुछ महीनों में चरणबद्ध तरीके से और शेयर भी कारोबार के लिए जारी किए जाएंगे। स्पेसएक्स पूर्व में ट्विटर के नाम से पहचाने जाने वाले सोशल मीडिया मंच एक्स का भी संचालन करती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें