सरकार एक बार फिर आपको सस्ते में सोना खरीदने का मौका दे रहे है। सोवरेन गोल्ड बॉन्ड 2021-22 की अगली किश्त के लिए इश्यू प्राइस तय किया जा चुका है। यह इश्यू अगले हफ्ते सोमवार 28 फरवरी को खुलेगा और 4 मार्च तक खुला रहेगा। आरबीआई की ओर से इस संबंध में जानकारी साझा की गई है।
5109 रुपये इश्यू प्राइज तय
रिपोर्ट के मुताबिक, अगले हफ्ते खुल रहे गोल्ड बॉन्ड की दसवीं किश्त के लिए इश्यू प्राइस 5,109 रुपये प्रति ग्राम तय किया गया है। इससे पहले सोवरेन गोल्ड बॉन्ड की पिछली खेप 10 से 14 जनवरी तक के लिए सब्सक्रिप्शन के लिए खुली थी। उस समय इसके लिए 4,786 रुपये प्रति ग्राम का भाव तय किया गया था। यहां बता दें कि फिलहाल, सोने का भाव पिछले कारोबारी बंद के मुताबिक 50,913 रुपये प्रति 10 ग्राम चल रहा है।
ऑनलाइन खरीद पर अतिरिक्त छूट
जो निवेशक इस गोल्ड बॉन्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन करते हैं और पेमेंट करते हैं तो उन्हें छूट भी मिलती है। भारत सरकार ने आरबीआई की सलाह से उन निवेशकों को नॉमिनल वैल्यू पर 50 रुपये प्रति ग्राम की छूट देने का भी फैसला किया है, जो ऑनलाइन आवेदन और डिजिटल मोड में ही पेमेंट करेंगे। इस तरह से देखें तो ऑनलाइन खरीदारी करने वालों की प्रति ग्राम 50 रुपये की बचत होगी, यानी कि डिजिटल मोड में निवेशकों को प्रति ग्राम 5059 रुपये का भुगतान करना होगा।
यहां से खरीद सकते हैं गोल्ड बॉन्ड
आरबीआई भारत सरकार की ओर से ये गोल्ड बॉन्ड जारी करता है। ये बॉन्ड बैंकों (स्मॉल फाइनेंस बैंकों और पेमेंट बैंकों को छोड़कर), स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, नॉमिनेटेड डाकघरों और मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंजों जैसे नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज लिमिटेड के माध्यम से बेचे जाएंगे।
2015 में शुरू की गई थी यह स्कीम
गौरतलब है कि एसजीबी स्कीम नवंबर 2015 में शुरू की गई थी। इस स्कीम शुरू करने का उद्देश्य फिजिकल गोल्ड की मांग को कम करना था। बॉन्ड के दाम सब्सक्रिप्शन अवधि से पहले के सप्ताह के अंतिम 3 कार्य दिवसों के लिए इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन लिमिटेड की तरफ से जारी किए गए 999 शुद्धता वाले सोने के बंद भाव के सिम्पल एवरेज के आधार पर तय की जाती है।
एक ग्राम सोने का निवेश कर सकेंगे
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम में एक वित्तीय वर्ष में एक व्यक्ति अधिकतम 500 ग्राम गोल्ड बॉन्ड खरीद सकता है। जबकि खरीदार कम से कम एक ग्राम सोने का निवेश कर सकता है। इसके साथ हिंदू अनडिवाइडेड फैमिली या HUF 4 किलोग्राम और ट्रस्ट और समान इकाई अप्रैल से मार्च तक हर वित्त वर्ष 20 किलोग्राम का निवेश कर सकते हैं। गौरतलब है कि ये गोल्ड बॉन्ड भारत सरकार की ओर से आरबीआई जारी करता है।
ं