उत्तर प्रदेश समेत देश के शीर्ष 11 राज्यों का सामाजिक कल्याण मद में खर्च चालू वित्त वर्ष में 10 साल के उच्चस्तर 4 लाख करोड़ रुपये पर पहुंचने की उम्मीद है। यह इन राज्यों के संयुक्त सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) का 1.7 फीसदी होगा। क्रिसिल ने बुधवार को 11 राज्यों के बजट के विश्लेषण के बाद कहा कि सामाजिक कल्याण योजनाओं में 2017-18 व 2023-24 के बीच सालाना संचयी वृद्धि दर 16 फीसदी रहने की उम्मीद है। 11 राज्यों में यूपी, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बंगाल, आंध्र प्रदेश और केरल शामिल हैं।
राज्यों की कर्ज स्थिति पर पड़ सकता है असर
रेटिंग एजेंसी ने कहा, देश की जनसंख्या संबंधी स्थिति को ध्यान में रखते हुए सामाजिक कल्याण योजनाओं के लिए आवंटन जरूरी माना जाता है। लेकिन, राजस्व में आनुपातिक वृद्धि के बिना इसमें लगातार बढ़ोतरी से लंबे समय में राज्यों की कर्ज स्थिति पर असर पड़ सकता है।
रिलायंस रिटेल में निवेश करेगी क्यूआईए
रिलायंस इंडस्ट्रीज की खुदरा इकाई रिलायंस रिटेल वेंचर्स लि. में कतर का सरकारी निवेश कोष क्यूआईए 8,278 करोड़ का निवेश करेगा। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बुधवार को कहा कि इस निवेश से क्यूआईए को रिलायंस रिटेल में 0.99% अल्पांश इक्विटी हिस्सेदारी हासिल होगी।
देश में ई-स्पोर्ट्स का बाजार 1.64 अरब डॉलर
ई-स्पोर्ट्स बाजार का आकार 2023 में 1.64 अरब डॉलर होने का अनुमान है। डीएमआई फाइनेंस के सह-संस्थापक शिवाशीष चटर्जी ने कहा, बाजार के 16.7 फीसदी की चक्रवृद्धि दर से बढ़ने की उम्मीद है। एम्मावर्स ने ई-स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए डीएमआई फाइनेंस से करार किया है।
रुपये में दो महीने का सबसे बड़ा एकदिनी उछाल
डॉलर के मुकाबले रुपया बुधवार को 28 पैसे चढ़कर 82.71 पर बंद हुआ। यह पिछले दो महीने में रुपये में किसी एक दिन का सबसे बड़ा उछाल है। फॉरेक्स कारोबारियों ने कहा कि आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के कारण पूंजी प्रवाह व घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख से तेजी को समर्थन मिला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.02 पर खुला। दिन के कारोबार में यह 82.68 से 83.02 के दायरे में रहा।
केरल के पूर्व मंत्री मोईदीन के आवास पर 22 घंटे तक चला ईडी का छापा
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केरल के पूर्व सहकारी एवं उद्योग मंत्री और कुन्नमकुलम विधायक माकपा नेत एसी मोईदीन के आवास पर 22 घंटे तक छापे की कार्रवाई की। त्रिशूर के करुवन्नूर सहकारी बैंक में 100 करोड़ की धोखाधड़ी में की गई कार्रवाई में ईडी ने उनका खाता फ्रिज कर दिया। इसमें 31 लाख रुपये थे। हालांकि ईडी ने बताया कि ऐसा कोई रिकॉर्ड नहीं मिला जो उन्हें धोखाधड़ी से जोड़ता हो।