बीमा के अतिरिक्त सरकार छोटे कारोबारियों को कम ब्याज पर कर्ज की सुविधा देने पर भी विचार कर रही है। इसके तहत जो कारोबारी अपने व्यापार को अपग्रेड कर कंप्यूटरीकृत बनाना चाहते हैं या उसका विस्तार करना चाहते हैं, उन्हें कर्ज के ब्याज पर दो फीसदी छूट दी जाएगी।
महिला उद्यमियों को बढ़ावा
सरकार महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष नीति बनाने की भी तैयारी में है। इसके तहत महिला उद्यमियों के कारोबार को ब्याज दरों में बड़ी राहत देने पर विचार किया जा रहा है। साथ ही छोटे कारोबारियों से सरकारी खरीद में महिला उद्यमियों के लिए कुछ फीसदी का कोटा भी आरक्षित किया जा सकता है।
अभी मिल रहा 59 मिनट में कर्ज
सरकार ने पिछले साल छोटे कारोबारियों के लिए महज 59 मिनट में एक करोड़ रुपये तक के कर्ज की सुविधा शुरू की थी। इसके तहत श्रम कानून में छूट सहित कई तरह के नियमों को सरल बनाया गया था। सरकार के अनुसार, अब तक इस योजना के तहत 12 हजार करोड़ रुपये का कर्ज बांटा जा चुका है।