केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को कहा है कि वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने में इनोवेशन की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने इस लक्ष्य को हासिल करने में डिजिटलीकरण की अपार क्षमता पर प्रकाश डाला है।
वित्त मंत्री ने यह भी कहा है कि यदि देश के लोग वहीं जज्बा दिखाएं जो COVID-19 और उसके तुरंत बाद के समय में देखी गई थी और देशवासी मिलकर प्रयास करें तो 2047 तक भारत को एक विकसित अर्थव्यवस्था बनाने में मुश्किल नहीं होनी चाहिए।
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि वर्तमान समय और वर्ष 2047 के बीच जो चीजें की जानीं हैं उनमें इनोवेशन एक कुंजी की तरह काम करेगा। अर्थव्यवस्था की ज्वंलत समस्याओ को दूर करने के लिए नवाचार या इनोवेशन की जरूरत है। ऐसे करने से हम विकसित अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण गुरुवार को बेंगलुरु में फेडरेशन ऑफ कर्नाटक चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफकेसीसीआई) की 105वीं वार्षिक आम बैठक को संबोधित कर रही थीं।