शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, कुछ ही देर में यह गिरावट खत्म हुई और सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान पर आ गए। सुबह 10.15 पर सेंसेक्स 300 से ज्यादा अंकों की बढ़त के साथ 83,771 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी करीब 80 अंकों की उछाल के साथ 25,700 के करीब पहुंच गया।
सेंसेक्स के शेयरों में एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारती एयरटेल और टाइटन प्रमुख रूप से बढ़त में रहे। वहीं, ईटरनल के शेयर कंपनी के तिमाही नतीजे आने के बाद दो प्रतिशत से अधिक गिर गए। एचसीएल टेक, इंफोसिस, टेक महिंद्रा और पावर ग्रिड के शेयरों में भी कमजोरी रही।
आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 997.29 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 4,076.20 करोड़ रुपये के शेयरों की खरीदारी की।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक सकारात्मक रहा, जबकि जापान का निक्केई 225, शंघाई का एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक गिरावट में रहे। अमेरिकी बाजार गुरुवार को कमजोर बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.25 प्रतिशत गिरकर 60.94 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
गौरतलब है कि गुरुवार को सेंसेक्स 862.23 अंक (1.04%) की बढ़त के साथ 83,467.66 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 261.75 अंक (1.03%) उछलकर 25,585.30 पर पहुंचा था।