Share Market Update: हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन उतार-चढ़ाव के बीच सेंसेक्स और निफ्टी सपाट बंद हुए। डॉलर के मुकाबले रुपया 16 पैसे मजबूत हुआ। जानें बाजार का पूरा हाल और क्लोजिंग के आंकड़े।
घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को उतार-चढ़ाव दिखा और बेंचमार्क सूचकांक आखिरकार सपाट बंद हुए। सेंसेक्स 20.46 अंक गिरकर 84,675.08 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 3.25 अंक गिरकर 25,938.85 पर आ गया। हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन डॉलर के मुकाबले रुपया 16 पैसे बढ़कर 89.82 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
रुपये में डॉलर के मुकाबले दिखी मजबूती
शेयर बाजार की सुस्ती के विपरीत, विदेशी मुद्रा बाजार में भारतीय रुपये ने डॉलर के मुकाबले मजबूती दिखाई हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 16 पैसे सुधरकर 89.82 (अस्थायी) के स्तर पर बंद हुआ। रुपये में आई यह तेजी आयातकों और अर्थव्यवस्था के लिए राहत का संकेत है।
बाजार की सुस्त चाल और उतार-चढ़ाव के बीच मंगलवार को कुछ चुनिंदा शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी 50 इंडेक्स में बजाज ऑटो सबसे ज्यादा मुनाफे में रहा, जिसने निवेशकों को सबसे बेहतर रिटर्न दिया। इसके अलावा मेटल और फाइनेंस सेक्टर के शेयरों में भी बढ़त दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों में, हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक सकारात्मक दायरे में स्थिर हुआ, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक और शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोप के बाजारों में मामूली तेजी देखी गई। सोमवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 2,759.89 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,643.85 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.47 प्रतिशत बढ़कर 62.23 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल हो गया। सोमवार को सेंसेक्स 345.91 अंक या 0.41 प्रतिशत गिरकर 84,695.54 पर बंद हुआ। निफ्टी 100.20 अंक या 0.38 प्रतिशत गिरकर 25,942.10 पर आ गया।